रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में नेरवा मार्ग पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया है। नेवटी के समीप एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर लगभग 120 मीटर गहरी खाई में जा समाई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुनसान इलाका होने की वजह से हादसे के तुरंत बाद किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
चौपाल पुलिस थाने की टीम जब मुख्य मार्ग पर नियमित गश्त पर निकली थी। पुलिस टीम जब नेवटी के पास पहुंची, तो जवानों की नजर सड़क से करीब 120 मीटर नीचे नाले में पड़ी। वहां एक बाइक (HP 98-0885) चकनाचूर हालत में पड़ी मिली। शक होने पर जब पुलिसकर्मी नीचे उतरे तो वहां युवक का शव पड़ा देख सन्न रह गए।
ऐसे हुई युवक के शव की पहचान
शव और बाइक के दस्तावेजों की पड़ताल करने पर मृतक की पहचान केवल राम (27) पुत्र नारायण सिंह, निवासी गांव हमान, डाकघर ढंग्यार, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर के तौर पर हुई। युवक बाइक पर अकेले ही नेरवा के रास्ते अपने घर सिरमौर की ओर लौट रहा था।
कठिन रेस्क्यू के बाद निकाला शव
सड़क से नाला बेहद गहरा और ढलान भरा होने के कारण रेस्क्यू में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नेरवा पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से खींचकर सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल नेरवा भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की शुरुआती जांच में ढलान पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। चौपाल थाने में मामला दर्ज कर पुलिस असल कारणों की पड़ताल में जुट गई है।