Shimla News: मिर्च पाउडर डालकर आभूषण झपटने वाला आरोपी गिरफ्तार, शिमला पुलिस ने सुलझाईं तीन वारदातें

Himachal News

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: सुनसान रास्तों पर महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने के आभूषण झपटने की तीन वारदातों को सुलझाते हुए शिमला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जेल सिंह पुत्र करण सिंह निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात से पहले घटनास्थल और पीड़ित महिलाओं की आवाजाही की रेकी करता था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देता था। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

कुमारसैन थाने में इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज थे। 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास सीमा देवी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर दोनों कानों की बालियां छीन ली गई थीं। इसके बाद 14 सितंबर को कण्डयाली के पास सुनो देवी को इसी तरह निशाना बनाकर सोने की बालियां छीनी गईं। वहीं, 26 सितंबर को एक ढाबे में अकेली कनकु की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर आरोपी मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया था।

जांच में तीनों वारदातों में एक जैसी कार्यप्रणाली सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात से कई दिन पहले क्षेत्र की रेकी करता था और महिलाओं की आवाजाही पर कड़ी नजर रखता था।

वह सुनसान पगडंडी पर महिला के अकेले होने का इंतजार करता था। इसके बाद आंखों में मिर्च डालकर महिला को असहाय करने के बाद उसके पहने हुए आभूषण छीन लेता था और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए सुनसान रास्तों का चयन करता था।

 

नूरपुर पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया आरोपी

कुमारसैन पुलिस ने तीनों मामलों को आपस में जोड़कर तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस को आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिली। इसके बाद नूरपुर पुलिस से समन्वय कर आरोपी को 5 अक्तूबर को हिरासत में लिया गया और कुमारसैन लाया गया। तीनों मामलों की शिकायतकर्ताओं ने आरोपी की शिनाख्त कर ली है।

 

सिहुंता थाना जिला चंबा में भी दर्ज है स्नैचिंग का मामला

पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना सिहुंता, जिला चंबा में 5 मार्च 2026 को धारा 304(2) बीएनएस के तहत स्नैचिंग का मामला दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने छीने गए आभूषण कहां बेचे हैं या छिपाए हैं।

 

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने बढ़ाई गश्त

घटनाक्रम सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के ग्रामीण और सुनसान रास्तों पर गश्त बढ़ा दी है। पुलिस ने स्थानीय निवासियों से भी सतर्क रहने की अपील की है। स्थानीय महिलाओं ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद राहत की सांस ली है। पुलिस मामले की आगामी जांच गहनता से कर रही है।

खबरें और भी हैं...