Shimla News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वह झूठ बोलकर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए कांग्रेस सरकार ने कई प्रभावी कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में उन स्कूलों का युक्तिकरण (रेश्नलाइजेशन) किया गया है जहां बच्चों की उपस्थिति न के बराबर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सीबीएसई शिक्षा प्रणाली शुरू कर छात्रों को अखिल भारतीय स्तर पर शिक्षा का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है और जल्द ही प्रदेश में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल भी कार्य करना शुरू कर देंगे।
विनय कुमार ने राजीव बिंदल की आज की प्रेस वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा आए दिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगाती रहती है। उन्होंने कहा कि असल में प्रदेश के भाजपा नेता आपस में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का खेल खेल रहे हैं। कौन सा नेता प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ कितना बड़ा झूठ बोल सकता है, इसी प्रतिस्पर्धा में भाजपा के नेता अपना राजनीतिक भविष्य तलाश रहे हैं।
विनय कुमार ने बिंदल की आलोचना करते हुए कहा कि पूर्व में आपदा के समय अवसर ढूंढने वाले नेताओं को प्रदेश की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश के लोगों ने भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस की सरकार को चुना है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान सरकार पूरी तरह जनहित में कार्य कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की वर्तमान वित्तीय स्थिति के लिए पूर्व भाजपा सरकार पूरी तरह से दोषी है। सुक्खू सरकार अब राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं को सलाह दी कि उन्हें राजनीति छोड़कर प्रदेश हित में केंद्र सरकार से आरडीजी बहाल करवाने में सहयोग करना चाहिए, ताकि हिमाचल के विकास को नई गति मिल सके।