जल शक्ति विभाग भर्ती: 8वीं और 10वीं पास युवाओं के पास सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका, 21 सितंबर से पहले करें आवेदन

Jal Shakti Vibhag

Jal Shakti Vibhag: जल शक्ति विभाग के जल शक्ति मंडल आनी के अंतर्गत रोजगार की तलाश कर रहे स्थानीय युवाओं के लिए खुशखबरी है। विभाग ने विभिन्न श्रेणियों में कुल 10 पैरा वर्करों के रिक्त पदों को भरने की घोषणा की है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य व इच्छुक अभ्यर्थी 1 सितंबर से लेकर 21 सितंबर 2026 तक अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। यह पद अंशकालिक आधार पर प्रतिदिन छह घंटे की कार्य अवधि के लिए भरे जा रहे हैं।

 

पदों का विवरण और मानदेय

जारी सूचना के अनुसार भर्ती अभियान के तहत कुल 10 पद भरे जाएंगे। इनमें पैरा पंप ऑपरेटर के 4 पद, पैरा फिटर के 2 पद तथा मल्टीपर्पज वर्कर के 4 पद शामिल हैं। पैरा पंप ऑपरेटर तथा पैरा फिटर के पद पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 7,100 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। वहीं मल्टीपर्पज वर्कर के पद के लिए 6,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय तय किया गया है।

 

अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता एवं आयु सीमा

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के तहत पैरा पंप ऑपरेटर के लिए न्यूनतम 10वीं पास के साथ इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, डीजल मैकेनिक, पंप मैकेनिक, मोटर मैकेनिक या पंप ऑपरेटर-कम-मैकेनिक ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र अथवा कौशल विकास योजना का सर्टिफिकेट आवश्यक है। पैरा फिटर के लिए 10वीं पास के साथ फिटर या प्लंबर ट्रेड में प्रमाणपत्र अनिवार्य है। मल्टीपर्पज वर्कर पद के लिए न्यूनतम योग्यता 8वीं पास रखी गई है।

 

आरक्षण और चयन की प्रक्रिया

पैरा पंप ऑपरेटर के 4 पदों में से 2 पद अनारक्षित, 1 अनुसूचित जाति और 1 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित है। पैरा फिटर के 2 पदों में 1 अनारक्षित और 1 अनुसूचित जाति के लिए है। मल्टीपर्पज वर्कर के 4 पदों में 2 अनारक्षित, 1 अनुसूचित जाति तथा 1 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रखा गया है। मल्टीपर्पज वर्कर के लिए 8वीं कक्षा की विस्तृत अंकतालिका आवेदन के साथ लगाना अनिवार्य है। आवश्यकता पड़ने पर चयन मिडिल स्तर के प्राप्तांकों के आधार पर किया जाएगा।

 

आवेदन करने का तरीका और अंतिम तिथि

इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन निर्धारित प्रपत्र पर तैयार करके कार्यकारी अभियंता, जल शक्ति मंडल आनी, जिला कुल्लू के कार्यालय में 21 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक जमा करवा सकते हैं। आवेदन पत्र के लिफाफे पर संबंधित पद का नाम और अपना मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य है। अंतिम तिथि के बाद मिले या अधूरे आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे। कौशल व शारीरिक परीक्षा के लिए कोई टीए या डीए देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट jsv.hp.gov.in पर विजिट किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...