SCO Summit: शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में शामिल सभी देशों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को जमकर सुनाया। पीएम मोदी ने आतंकवाद का मुद्दा उठाते हुए सभी देशों को स्पष्ट संदेश दिया कि आतंकवाद की फंडिंग किसी भी सूरत में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वहां मौजूद शहबाज शरीफ के सामने हाल ही में हुए पहलगाम हमले का जिक्र किया और कहा कि दुनिया ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दौरान आतंकवाद का घिनौना चेहरा देखा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आतंकवाद को किसी भी रूप में समर्थन देने वाले देशों को कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता। पीएम ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर कार्रवाई करना केवल सुरक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरी मानवता के प्रति हमारी बड़ी जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी देश को इसे बर्दाश्त नहीं करना चाहिए।
दोहरे रवैये पर लगाई फटकार, युद्धों पर दी शांति की सलाह
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी ने अपील की कि आतंकवाद से निपटने में किसी भी तरह का दोहरा रवैया नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी देशों से एकजुट होकर इसके खिलाफ कड़े कदम उठाने का आह्वान किया। इसके अलावा पीएम मोदी ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी भीषण युद्धों का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी समस्या या विवाद का समाधान युद्ध के मैदान में नहीं खोजा जा सकता।
जिनपिंग से मिले मोदी, शहबाज को किया पूरी तरह नजरअंदाज
एससीओ समिट के दौरान कूटनीतिक गलियारों में एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब पीएम मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से हालचाल पूछा और दोनों नेताओं ने चलते-चलते बातचीत की। दिलचस्प यह रहा कि एक बार फिर पीएम मोदी ने अपने पास ही खड़े शहबाज शरीफ को यूं नजरअंदाज कर दिया, मानो उन्हें देखा ही न हो। इस दौरान शहबाज शरीफ वहां खड़े सबका मुंह ताकते रह गए।
पुतिन, जिनपिंग और मोदी की तिकड़ी का वायरल पल
चीन, रूस और भारत, यह वह तिकड़ी है जो सुपरपावर अमेरिका को भी बेचैन कर देती है। एक बार फिर जब ये तीनों नेता आमने-सामने मिले, तो वह पल ग्लोबल मीडिया में कई दिनों तक चर्चा का विषय बनने वाला वायरल सीन बन गया। एक तरफ से आ रहे थे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, तो वहीं सामने खड़े थे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। जैसे ही वे आमने-सामने आए, पुराने दोस्तों की तरह मुस्कुराए और हंसते हुए मिले। इस दौरान पीएम मोदी ने पुतिन और जिनपिंग का हाथ थाम लिया, मानो वे तीनों दुनिया को संदेश दे रहे हों कि यह ऐसा ध्रुव है, जो भविष्य का लीडर है।
एजेंसियां: बिश्केक