रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस ने शोघी क्षेत्र में बसों की चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग मामलों में कुल 24 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन स्थानीय युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
नशे के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना पश्चिम और शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने यह संयुक्त सफलता हासिल की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Shimla News: पहले मामले में कोटी के युवक से 7 ग्राम चिट्टा बरामद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले मामले में 23 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना पश्चिम की टीम ने शोघी के पास एक बस को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार राहुल जसवाल (25) पुत्र निवासी कोटी, शिमला के कब्जे से लगभग 7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और पुलिस थाना बालूगंज (पश्चिम) में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया।
दूसरे मामले में हरियाणा रोडवेज की बस से 17 ग्राम चिट्टा पकड़ा
वहीं, दूसरे मामले में शिमला पुलिस के स्पेशल सेल की टीम ने शोघी के नजदीक हरियाणा रोडवेज की बस में औचक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो युवकों की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए जब उनकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई, तो उनके पास से कुल 17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इनमें से एक युवक के कब्जे से 9 ग्राम और दूसरे के पास से 8 ग्राम मादक पदार्थ मिला।
सुन्नी क्षेत्र के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
हरियाणा रोडवेज की बस से पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज शर्मा (24) और पीयूष चौहान (21), दोनों निवासी सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है। स्पेशल सेल ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
नशा नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच तेज
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों मामलों में पकड़े गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड हासिल कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि चिट्टे की यह खेप बाहरी राज्यों से कहां से लाई गई थी और शिमला तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में इसे किसे बेचा जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और सप्लायर्स की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।