रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) सीटों को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस के लिए भारत सरकार की ओर से प्रदेश को लगभग 415 करोड़ रुपये का विशेष अनुदान दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शिमला में यह घोषणा करते हुए कहा कि देशभर में अगले पांच वर्षों में 10,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ने की केंद्र सरकार की 15,000 करोड़ रुपये की योजना के तहत हिमाचल को यह स्वीकृति मिली है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इन सीटों को समयबद्ध तरीके से सृजित करने और आवश्यक औपचारिकताएं बिना देरी पूरी करने का आग्रह किया है।
Himachal News: किस कॉलेज को कितनी पीजी सीटें
आईजीएमसी शिमला (IGMC): 91 सीटें
डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा कांगड़ा: 57 सीटें
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर: 57 सीटें
श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक (मंडी): 55 सीटें
डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन: 32 सीटें
पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा: 28 सीटें
सुपर-स्पेशियलिटी और विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूती
नड्डा ने बताया कि इन अतिरिक्त सीटों के शुरू होने से सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग तथा कैंसर जैसी सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा। इससे हिमाचल के मेडिकल छात्रों को उच्च शिक्षा के व्यापक अवसर मिलेंगे, वहीं स्थानीय मरीजों को अपने गृह जिलों के नजदीकी मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा।
प्रस्ताव पर केंद्र का त्वरित फैसला
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हिमाचल सरकार से 23 जून को इसका प्रस्ताव प्राप्त हुआ था। इसके उपरांत 6 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस पर चर्चा की थी। केंद्र सरकार ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रदेश द्वारा प्रस्तावित सभी 320 सीटों पर तत्काल प्रभाव से मोहर लगाई है।