Surya Spiti Challenge: सूर्या स्पीति चैलेंज-2026 के अंतर्गत 30 अगस्त को स्पीति घाटी के सुमदो टी में आयोजित 21.095 किलोमीटर हाफ मैराथन के डिफेंस कैटेगरी में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक (संचार) अमन कुमार ने शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण दौड़ को 2 घंटे 31 मिनट के समय में सफलतापूर्वक पूरा किया। वर्तमान में 28वीं वाहिनी एसएसबी अंतागढ़ (छत्तीसगढ़) में कार्यरत अमन कुमार इससे पहले 2024 में लाहौल-स्पीति में आयोजित स्नो मैराथन में भी भाग ले चुके हैं।
12,500 फुट की ऊंचाई और 40 प्रतिशत कम ऑक्सीजन में दिखाई ताकत
लगभग 12,500 फुट की अत्यधिक ऊंचाई पर आयोजित इस हाफ मैराथन में प्रतिभागियों को समुद्र तल की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत कम ऑक्सीजन जैसी अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। अत्यधिक ऊंचाई, कम ऑक्सीजन, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद अमन कुमार ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने की अमन के साहस की सराहना
इस अवसर पर उत्तर भारत के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा और डोगरा स्काउट्स के कर्नल ललित मोहन ने अमन कुमार के साहस, अनुशासन एवं समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अमन कुमार ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय एसएसबी के महानिदेशक, महानिरीक्षक (सीमांत मुख्यालय, लखनऊ) और 28वीं वाहिनी के कमांडेंट की प्रेरणा व विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि इस सफलता के माध्यम से उन्होंने सेना में फिटनेस, अनुशासन, साहस और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया है।