Kullu News: बंजार की महिला कुल्लू के सरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस में मामला दर्ज

3 सप्ताह पहले
Kullu News Woman Missing Case Banjar Sarwari

Kullu News: कुल्लू जिले में एक विवाहित महिला के अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जीरो एफआईआर और बंजार के एक व्यक्ति के बयानों के आधार पर पुलिस थाना बंजार में मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला पिछले कुछ समय से अपने पति से अलग कुल्लू के सरवरी में रह रही थी। परिजनों द्वारा कई दिनों तक कुल्लू, ढालपुर, सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के बावजूद जब महिला का कोई सुराग नहीं लगा, तो पति ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गहनता से जांच शुरू कर दी है।

बंजार निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। वर्ष 2022 में घरेलू व पारिवारिक मनमुटाव के चलते उसकी पत्नी उसे और बच्चों को छोड़कर कुल्लू आकर रहने लगी थी। शिकायत के अनुसार, महिला कुल्लू के सरवरी इलाके में एक क्लॉथ हाउस चलाने वाले व्यक्ति के साथ रह रही थी। जब पति अपनी पत्नी से मिलने कुल्लू पहुंचा, तो उसे पता चला कि वह करीब 15-20 दिन पहले बिना किसी को बताए अचानक कहीं चली गई है।

पीड़ित पति ने बताया कि उसने 26 अगस्त से कुल्लू, ढालपुर, सरवरी, सुल्तानपुर और अन्य संभावित ठिकानों पर अपनी पत्नी की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शिकायतकर्ता ने अंदेशा जताया है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। बंजार पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के मोबाइल लोकेशन और अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है तथा जल्द ही उसे सकुशल ढूंढ लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...