Hamirpur News: हमीरपुर में रोड सेफ्टी व आपदा प्रबंधन पर कार्यशाला, घायलों को मिलेगा 1.50 लाख तक का मुफ्त इलाज

3 सप्ताह पहले
Hamirpur News Road Safety Workshop CMO Office

Hamirpur News: मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने की, जिसमें जिले भर के चिकित्सा अधिकारियों, फार्मेसी अधिकारियों और स्टाफ नर्सों ने भाग लिया। इस अवसर पर एमओएच डॉ. अजय अत्री, डीपीओ डॉ. नेहा पाटियाल और एमईआईओ सुनील कुमार भी मौजूद रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के समय घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना और किसी भी आपात स्थिति व प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए स्वास्थ्य तंत्र को मुस्तैद रखना रहा।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कोई भी पात्र व्यक्ति अस्पताल में भर्ती होने पर दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिनों की अवधि तक ₹1.50 लाख तक का कैशलेस उपचार प्राप्त कर सकता है। आपदा प्रबंधन को धरातल पर मजबूत करने के लिए उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एक निर्धारित अलमारी में आपदा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक दवाइयां, जीवनरक्षक उपकरण और सामग्री चौबीसों घंटे तैयार रखी जाए। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण के उपरांत सभी पीएचसी स्तर पर बैठकें आयोजित कर निचले स्तर के कर्मचारियों को भी आपदा में उनकी भूमिकाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान एमओ सर्जरी डॉ. आदित्य कांत शर्मा, एमओ ऑर्थोपेडिक्स डॉ. राकेश कुमार और एनआईसी से पहुंचे डॉ. अरविंद ठाकुर ने सड़क दुर्घटना के घायलों को त्वरित राहत देने के गुर सिखाए। कार्यशाला में यह विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि दुर्घटना के पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों यानी ‘नेक सामरीटन’ को पूरा कानूनी संरक्षण प्राप्त है और उनसे कोई अनावश्यक पूछताछ या कानूनी परेशानी नहीं की जाएगी। एमओएच डॉ. अजय अत्री ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के सही और त्वरित इस्तेमाल पर जोर दिया ताकि कीमती जानों को बचाया जा सके।

खबरें और भी हैं...