Kangana Ranaut: मंडी में ‘दिशा’ समिति की बैठक, सांसद कंगना रनौत बोलीं- विकास कार्यों में न हो अनावश्यक देरी, प्राकृतिक खेती और दुग्ध उत्पादन पर दें जोर

MP Kangna Ranaut

Kangana Ranaut: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को उपायुक्त कार्यालय मंडी के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। लोकसभा सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रनौत की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास व कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार मंडी जिले में 237 विकास कार्यों के लिए 5.12 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जो मंडी संसदीय क्षेत्र की कुल धनराशि का 55 प्रतिशत है। स्वीकृत बजट में से 3.22 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त संसदीय क्षेत्र में पूर्ण हुए कुल 74 विकास कार्यों में से 68 कार्य अकेले मंडी जिले में पूरे किए गए हैं, जो कि कुल पूर्ण कार्यों का 92 प्रतिशत है। सांसद कंगना रनौत ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLAD) के तहत लंबित पड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इन्हें समयबद्ध सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

 

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ेंगे प्राकृतिक उत्पाद

सांसद कंगना रनौत ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कृषि, बागवानी, पशुपालन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध करवाया जाए। इसके साथ ही प्राकृतिक व जैविक उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार करने और ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का धरातल पर वास्तविक प्रभाव दिखना चाहिए और आगामी बैठकों में अधिकारी उपलब्धियों पर आधारित विस्तृत प्रस्तुति पेश करें।

Kangna Ranaut
मंडी में दिशा समिति की बैठक की अध्यक्षता करतीं सांसद कंगना रनौत और प्रशासनिक अधिकारी

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जिले में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। सांसद ने मंडी-पठानकोट फोरलेन के परौर-पधर खंड की डीपीआर (DPR), पंडोह बाईपास हेतु भूमि अधिग्रहण और पंडोह-टकोली फोरलेन सुदृढ़ीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बाद किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सड़क निर्माण, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में विधायक इन्द्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर और पूर्ण चंद ठाकुर ने भी भाग लिया तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, जिला परिषद अध्यक्ष अमरु राम और नगर निगम मंडी की महापौर सुमन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...