प्यार हो तो ऐसा: सगी बहनों से भी गहरा रिश्ता, जेठानी के निधन के एक घंटे भीतर देवरानी ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठीं दो अर्थियां

1 दिन पहले
Hamirpur News Nadaun Devrani Jethani Emotional Death Story

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से प्यार और अटूट बंधन की एक ऐसी भावुक कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल झकझोर दिया। जेठानी के जाने का सदमा देवरानी बर्दाश्त न कर सकी और एक घंटे के भीतर उसने भी अपने प्राण त्याग दिए।

नादौन उपमंडल के बदारन गांव में रविवार की सुबह अचानक मातम में बदल गई। लगभग 10:30 बजे स्वर्गीय ईश्वर दास की पत्नी शकुंतला देवी की तबीयत अचानक बिगड़ी। उनका बेटा विजय कुमार और परिवार वाले उन्हें तुरंत नादौन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया न जा सका।

 

सगी बहनों से भी गहरा रिश्ता, वियोग सहन न कर सकीं देवरानी कमलेश कुमारी

जैसे ही शकुंतला देवी के निधन की दुखद खबर घर पहुँची, उनकी देवरानी कमलेश कुमारी (पत्नी स्वर्गीय अमर सिंह) इस वियोग को संभाल नहीं पाईं। सगी बहनों से भी गहरा रिश्ता रखने वाली दोनों देवियों के बीच का अटूट प्रेम इस कदर गहरा था कि कमलेश कुमारी फूट-फूट कर रोने लगीं। अभी घर में जेठानी के अंतिम संस्कार की तैयारियाँ चल ही रही थीं कि करीब 11:30 बजे कमलेश कुमारी की भी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

 

एक ही आंगन से एक साथ उठीं दो अर्थियां, श्मशानघाट में नम हुईं सैकड़ों आंखें

महज एक घंटे के भीतर संयुक्त परिवार की दो छाँव का यूँ चले जाना पूरे गांव को सन्न कर गया। रविवार शाम जब एक ही आंगन से दोनों की अर्थियाँ एक साथ उठीं और श्मशानघाट में एक साथ चिता सजाई गई, तो वहाँ मौजूद सैकड़ों लोगों की आँखें नम हो गईं। दोनों का यह अनोखा प्रेम और साथ जाने की यह घटना हर किसी के दिल को चीर गई।

खबरें और भी हैं...