Shimla News: शिमला जिले के विकास खंड चौपाल की ग्राम पंचायत ठाणा में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। हिमाचल प्रदेश का पहला महिला संचालित मिनरल वाटर प्लांट “HIMJAL” ठाणा में आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। इस प्लांट का संपूर्ण संचालन, प्रबंधन, पैकेजिंग और मार्केटिंग महिला ग्राम संगठन ठाणा से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं द्वारा किया जाएगा। यह अभिनव परियोजना हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्थापित की गई है।
इस मिनरल वाटर प्लांट का भव्य शुभारंभ एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा, वन मंडलाधिकारी (DFO) जंगवीर तथा उप पुलिस अधीक्षक (DSP) सुशांत शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी (BDO) चौपाल विनीत ठाकुर तथा महिला ग्राम संगठन ठाणा की सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहीं। महिलाओं द्वारा निर्मित इस मिनरल वाटर की एक लीटर बोतल की कीमत मात्र 11 रुपये तय की गई है, जो बाजार में मिलने वाली सामान्य बोतलों की तुलना में काफी सस्ती और किफायती है।
HPSRLM से मिला 13.80 लाख रुपये का ऋण
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए महिला ग्राम संगठन ठाणा को HPSRLM के माध्यम से 13.80 लाख रुपये की वित्तीय ऋण सहायता उपलब्ध करवाई गई है। इस राशि से अत्याधुनिक प्लांट की स्थापना और आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है। बीडीओ विनीत ठाकुर ने बताया कि इस उद्यम से ग्रामीण महिलाओं को न केवल स्थायी आजीविका मिलेगी, बल्कि उन्हें वित्तीय प्रबंधन, विपणन, पैकेजिंग और उद्यमिता का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।
स्थानीय आजीविका और महिला सशक्तिकरण की मिसाल
खण्ड विकास अधिकारी चौपाल विनीत ठाकुर ने कहा कि HPSRLM का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को केवल बचत तक सीमित न रखकर उन्हें बाजार-उन्मुख ग्रामीण उद्यमों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि “HIMJAL” अन्य महिला समूहों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। प्रशासन ने संगठन की सदस्यों को पानी की गुणवत्ता, स्वच्छता और पैकेजिंग के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। चौपाल ब्लॉक में भविष्य में भी स्थानीय संसाधनों के आधार पर ऐसे कम्युनिटी मॉडल विकसित किए जाएंगे।