Mandi News: शादी से लौटते वक्त खड्ड में गिरी कार, होमगार्ड जवान की मौत; DSP का गनमैन गंभीर रूप से घायल

Himachal News

Mandi News: मंडी जिले के उपमंडल सरकाघाट में थाना हटली के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना पेश आई है, जिसमें एक कार के अनियंत्रित होकर जबोठी खड्ड में गिर जाने से होमगार्ड के जवान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चला रहे डीएसपी का गनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल गनमैन को नागरिक अस्पताल बलद्वारा में प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

डीएसपी के चालक की बेटी की शादी से लौट रहे थे दोनों, मध्यरात्रि हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों जवान डीएसपी के चालक की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे और देर रात कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे जब उनकी कार जबोठी खड्ड के समीप बने पुल पर पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खड्ड में जा गिरी। पुल के पास जल शक्ति विभाग में तैनात पंप ऑपरेटर राजेश कुमार ने बताया कि वे 11 नवंबर की रात 9:30 बजे से अपनी ड्यूटी पर थे। आधी रात को अचानक खड्ड की ओर गाड़ी गिरने की तेज आवाज सुनकर वे तुरंत टॉर्च लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और अगली सीट पर दो लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए थे।

 

अस्पताल में डॉक्टरों ने होमगार्ड जवान को मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और हटली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे दोनों व्यक्तियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस तथा सरकारी वाहन की मदद से तुरंत नागरिक अस्पताल बलद्वारा पहुंचाया गया। अस्पताल में आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद होमगार्ड जवान जयपाल (पुत्र प्रभु), गांव व डाकघर भद्रवाड़, तहसील सरकाघाट निवासी को मृत घोषित कर दिया।

 

संजय कुमार गंभीर रूप से घायल

हादसे में गंभीर रूप से घायल संजय कुमार (पुत्र ज्ञान चंद), निवासी गांव स्याठी, डाकघर लौंगणी, तहसील धर्मपुर का निवासी है, जो वर्तमान में डीएसपी के गनमैन के पद पर तैनात हैं। चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। घटना के समय कार को संजय कुमार ही चला रहे थे।

 

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन

पुलिस थाना हटली की टीम ने दुर्घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गाड़ी तकनीकी खराबी के चलते गिरी या चालक का नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ।

खबरें और भी हैं...