Una News: ऊना जिले त्यूड़ी चौक में एक तेज रफ्तार स्कूटी की चपेट में आने से 57 वर्षीय महिला की दुखद मौत हो गई, जिससे समूचे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतका जोगिंद्र देवी पत्नी राम किशन सैणी, लोअर अरनियाला की निवासी है।
बुधवार को भाई दूज के अवसर पर जोगिंद्र देवी अपने भाई राम स्वरूप को टीका करने के लिए घर से खुशी-खुशी निकली थीं। त्यूड़ी बाजार पहुंचने पर उन्होंने पर्व से संबंधित आवश्यक सामान खरीदा। चूंकि उनकी दूसरी बहन भी भाई के घर पहुंचने वाली थी, इसलिए जोगिंद्र देवी त्यूड़ी चौक पर सड़क किनारे सुरक्षित खड़ी होकर अपनी बहन की प्रतीक्षा कर रही थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोगिंद्र देवी छिटककर पक्की सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घर में चल रही थीं स्वागत की तैयारियां, खबर मिलते ही मचा कोहराम
जिस घर में भाई अपनी दोनों बहनों के स्वागत और सत्कार की तैयारियों में जुटा था, वहां जैसे ही इस दर्दनाक हादसे की सूचना पहुंची तो चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मृतका का भाई राम स्वरूप और भतीजा बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों और स्कूटी चालक की मदद से घायल जोगिंद्र देवी को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कानूनी कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी की। पुलिस दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ ही मौके का मुआयना कर रही है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और दुर्घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी तफ्तीश शुरू कर दी गई है।