Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। शिमला पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कृष्णानगर से दो युवकों और रोहड़ू से एक युवती को चिट्टे (हेरोइन) की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला राजधानी शिमला के कृष्णानगर इलाके का है, जहां स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक रिहायशी कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने कमरे में मौजूद दो युवकों के कब्जे से 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों ने नशीले पदार्थ को सिगरेट की डिब्बी में डालकर गद्दे के नीचे छिपाया था। पुलिस ने नशा जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।
दूसरी कार्रवाई रोहड़ू पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा अमल में लाई गई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर संदेह के आधार पर एक युवती की नियमानुसार महिला पुलिस की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवती के कब्जे से लगभग 5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी युवती की पहचान 21 वर्षीय नवीनलता निवासी तहसील जुब्बल, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रोहड़ू पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती को यह नशीला पदार्थ किसने सप्लाई किया था और इसके पीछे कौन सा बड़ा तस्कर गिरोह काम कर रहा है।