ऑस्ट्रेलिया में मंडी के अभिषेक अवस्थी ने रचा इतिहास: बने ग्रेटर बेंडिगो के पहले भारतीय मूल के महापौर

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के छोटी काशी कहे जाने वाले मंडी शहर के होनहार बेटे अभिषेक अवस्थी ने सात समंदर पार ऑस्ट्रेलिया में बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। अभिषेक अवस्थी ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत में स्थित ऐतिहासिक एवं प्रमुख शहर ‘ग्रेटर बेंडिगो’ (City of Greater Bendigo) के नए महापौर (मेयर) चुने गए हैं। वे इस प्रतिष्ठित पद तक पहुंचने वाले ग्रेटर बेंडिगो शहर के इतिहास में पहले भारतीय मूल के व्यक्ति बन गए हैं। इससे पूर्व वे इसी शहर में डिप्टी मेयर (उपमहापौर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

 

कैपिटल थिएटर में आयोजित समारोह में ली शपथ

ग्रेटर बेंडिगो के प्रसिद्ध द कैपिटल थिएटर में 9 नवंबर को आयोजित एक गरिमामयी शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अभिषेक अवस्थी ने आधिकारिक रूप से महापौर पद की शपथ ग्रहण की। इस चुनाव में एंड्रिया मेटकॉफ को सर्वसम्मति से उपमहापौर चुना गया है।

 

2026-27 के लिए संभालेंगे कमान

वर्ष 2026-27 के लिए उनका यह कार्यकाल एक वर्ष का होगा। उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया की स्थानीय निकाय प्रशासनिक व्यवस्था के तहत पार्षदों (काउंसिलरों) का निर्वाचन चार वर्ष के लिए किया जाता है, जबकि महापौर और उपमहापौर का चुनाव काउंसिलरों द्वारा प्रतिवर्ष एक साल के कार्यकाल के लिए किया जाता है।

 

सर्वसम्मति से हुआ चयन शहरवासियों का जताया आभार

काउंसिल की बैठक में सर्वसम्मति से महापौर चुने जाने के बाद अभिषेक अवस्थी ने सभी साथी काउंसिलरों का आभार व्यक्त किया। अभिषेक ने कहा कि वे बेंडिगो शहर के नागरिकों की आकांक्षाओं और विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से काम करेंगे। शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण और बहुसांस्कृतिक समाज के समग्र विकास को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

 

समूचे हिमाचल में जश्न का माहौल

मंडी शहर से निकलकर सुदूर ऑस्ट्रेलिया में स्थानीय सरकार के शीर्ष पद तक पहुंचने वाले अभिषेक अवस्थी की इस उपलब्धि से उनके पैतृक जिले मंडी सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने अभिषेक और उनके परिजनों को बधाई दी है। यह उपलब्धि राज्य के उन तमाम युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो विदेशों में शिक्षा या रोजगार के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने का सपना देखते हैं।

 

माता-पिता और शुभचिंतकों जताया आभार

अभिषेक अवस्थी ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पारिवारिक संस्कारों और शुभचिंतकों के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि वे बेंडिगो शहर के नागरिकों की आकांक्षाओं और विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से काम करेंगे।

खबरें और भी हैं...