Una News: मंदिरों के जीर्णोद्धार पर सरकार निरंतर कर रही काम: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

15 घंटे पहले
Una News Mukesh Agnihotri Bhadsali Ravidas

Una News: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के भदसाली स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में आयोजित निशान साहेब स्थापना (झंडा चढ़ाने की रस्म) समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मंदिर के सौंदर्यीकरण और नव-निर्मित भव्य परिसर में पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ पवित्र निशान साहेब स्थापित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने भजन-कीर्तन में भाग लिया और संगत के साथ पंगत में बैठकर लंगर प्रसाद भी ग्रहण किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर का लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बेहद सुंदर और आकर्षक निर्माण किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि मंदिर परिसर की सुंदरता को और बढ़ाने के लिए सामने स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर को जल्द ही दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि निकट ही स्थित शीतला माता मंदिर के भव्य निर्माण पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें से 3 करोड़ रुपये की राशि अब तक व्यय की जा चुकी है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हरोली क्षेत्र सहित पूरे हिमाचल में मंदिरों और गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण पर निरंतर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि धार्मिक स्थलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त विकास राशि भी मंजूर की गई है।

इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान मास्टर भगत राम और समिति के सदस्यों ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित सिरोपा भेंट किया। कार्यक्रम में स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के सदस्य अशोक ठाकुर, संदीप अग्निहोत्री, रणजीत सिंह राणा, जसपाल जस्सा, प्रमोद कुमार, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा सहित पंचायत प्रतिनिधि और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...