Himachal News: हिमाचल प्रदेश के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रैत क्षेत्र में पशुपालक के घर पहुंचकर तत्परता की मिसाल पेश की। गाय में लम्पी वायरस जैसे लक्षण मिलने की सूचना पाते ही वे तुरंत पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की टीम को लेकर मौके पर पहुंचे और बीमार पशु का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। चिकित्सकों द्वारा गहन जांच के बाद स्पष्ट किया गया कि गाय सामान्य रूप से अस्वस्थ है और उसमें लम्पी वायरस का कोई लक्षण नहीं पाया गया है।
इसके पश्चात केवल सिंह पठानिया ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ समीक्षा बैठक की और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालन मंत्री से भी टेलीफोन पर बात कर क्षेत्र में बचाव उपायों की समीक्षा की। पठानिया ने बताया कि राज्य सरकार की मुस्तैदी से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लम्पी वायरस से बचाव के लिए अब तक कुल 8,175 पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है।
शाहपुर क्षेत्र में चलाए गए इस विशेष टीकाकरण अभियान के तहत विभिन्न पशु चिकित्सालयों के अंतर्गत बड़े पैमाने पर कवरेज सुनिश्चित की गई है। दरीणी क्षेत्र में 1,500 पशुओं, शाहपुर पॉलीक्लीनिक के तहत 270 पशुओं, रजोल पशु चिकित्सालय के अंतर्गत 3,084 तथा चढ़ी पशु चिकित्सालय क्षेत्र में 3,321 पशुओं को टीके लगाए जा चुके हैं।
इसके अलावा चढ़ी पशु चिकित्सालय के अंतर्गत आने वाली डढम्ब पंचायत में लम्पी वायरस से प्रभावित पाए गए 8 पशुओं का त्वरित उपचार किया गया, जिसके बाद वे सभी पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। इस दौरान डॉ. समा खान, डॉ. अभिषेक, डॉ. जितेंद्र पॉल सिंह और फार्मासिस्ट मान सिंह सहित विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
लक्षण दिखने पर छुपाएं नहीं, तुरंत दें सूचना
यदि किसी भी पशु में बीमारी या असामान्य लक्षण दिखाई दें तो उसे बिल्कुल न छिपाएं और तुरंत नजदीकी पशुपालन विभाग को सूचित करें ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।