पांवटा साहिब में स्वाइन फ्लू की दस्तक: 3 मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट; 1 अस्पताल में भर्ती

Himachal News Paonta Sahib Swine Flu

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला अंतर्गत पांवटा साहिब और इसके आसपास के क्षेत्रों में स्वाइन फ्लू (H1N1 इन्फ्लूएंजा) के 3 नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। पिछले चार दिनों के दौरान सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में तेज बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत लेकर पहुंचे मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट आने पर तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।

सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर धीमान ने बताया कि स्वाइन फ्लू से पीड़ित तीन मरीजों में से एक को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां उसकी सेहत पर नजर रखी जा रही है और उपचार जारी है। वहीं दो अन्य मरीजों की स्थिति स्थिर होने के कारण उन्हें आवश्यक दवाएं देकर घर पर ही होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है।

 

स्वाइन फ्लू के लक्षण और संक्रमण फैलने के कारण

स्वाइन फ्लू H1N1 इन्फ्लूएंजा-ए वायरस से फैलने वाला एक श्वसन संक्रमण है। यह मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने के दौरान निकलने वाली सूक्ष्म बूंदों (ड्रॉपलेट्स) के संपर्क में आने से तेजी से फैलता है। चिकित्सकों के अनुसार इसके मुख्य लक्षणों में तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सांस फूलना या सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द और शरीर में तेज दर्द शामिल हैं। यदि किसी व्यक्ति में ऐसे लक्षण दिखाई देते हैं तो उसे खुद दवा लेने से बचते हुए तुरंत योग्य डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

 

बचाव और स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आम जनता को एहतियात बरतने की सलाह दी है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने, साबुन और पानी से नियमित हाथ धोने तथा अस्वस्थ महसूस होने पर खुद को आइसोलेट करने का सुझाव दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बीमारी के लक्षण दिखने पर बिल्कुल न घबराएं, लेकिन किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए समय पर चिकित्सकीय जांच और उपचार सुनिश्चित करवाएं।

खबरें और भी हैं...