Himachal News: शिमला में पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 27 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। इन मामलों में हरियाणा के दो निवासियों और शिमला जिला के दो स्थानीय युवकों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पहले मामले में स्पेशल सैल शिमला की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुराना बस स्टैंड स्थित एक कमरे में छापेमारी की। कमरे की गहन तलाशी के दौरान बेड के गद्दे के नीचे छिपाकर रखा गया 10 ग्राम चिट्टा और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी प्रदीप सिंह (31 वर्ष) और सुखवीर सिंह उर्फ सुखी (33 वर्ष), दोनों निवासी अंबाला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सदर थाना शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ठियोग के सैंज में गाड़ी से 17 ग्राम चिट्टा बरामद
दूसरे मामले में डिटेक्शन सैल ठियोग की टीम को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर सैंज क्षेत्र में भोटका मोड़ के समीप नाकाबंदी कर एक गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन सवार युवकों के पास से 17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित गेटा (34 वर्ष) और किंचित चौहान (36 वर्ष), दोनों निवासी तहसील कोटखाई (जिला शिमला) को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
क्या कहती है पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार किए गए चारों तस्करों को अदालत में पेश किया जा रहा है, ताकि उनका पुलिस रिमांड हासिल किया जा सके। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाए थे और शिमला जिले में किसे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।