Himachal News: कोटखाई में गश्त के दौरान संदिग्ध युवक से मिला चिट्टा, एक युवक गिरफ्तार

2 घंटे पहले
Himachal News

रमेश कंवर: शिमला 

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों और ड्रग्स तस्करों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत शिमला जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की डिटैक्शन सैल टीम ने कोटखाई क्षेत्र में गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक युवक को 9 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथ दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद नशीले पदार्थ को तुरंत सील कर दिया और आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह सफलता बीते शुक्रवार को उस समय मिली जब डिटैक्शन सैल की विशेष टीम कोटखाई-पुड़ग सड़क मार्ग पर रूटीन गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान मघाली मोड़ के पास पुलिस टीम को एक युवक पैदल जाता हुआ दिखाई दिया, जिसकी गतिविधियां बेहद संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए शक के आधार पर युवक को रोका और जब उसकी गहनता से तलाशी ली गई तो उसके पास से 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय गौरव ठाकुर निवासी जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कोटखाई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी गौरव ठाकुर से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह चिट्टे की यह खेप कहां से खरीदकर लाया था और कोटखाई क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान क्षेत्र में सक्रिय अन्य नशा तस्करों और मुख्य सप्लायरों के नामों का भी जल्द खुलासा हो सकता है।

खबरें और भी हैं...