Himachal News: विक्रमादित्य सिंह के विदेश दौरे के बीच सुक्खू सरकार ने बदले दो विभाग, अनिरुद्ध को PWD तो धर्माणी को मिला शहरी विकास

10 घंटे पहले
Himachal News Anirudh Singh Gets PWD Charge

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार ने प्रशासनिक कामकाज में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य के दो प्रमुख विभागों के प्रभार में अंतरिम व्यवस्था की है। कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह के ब्राजील दौरे पर जाने के चलते उनके दो महत्वपूर्ण विभागों की कमान अस्थाई रूप से दूसरे मंत्रियों को सौंपी गई है। शनिवार देर शाम जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) का जिम्मा ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह संभालेंगे, जबकि शहरी विकास विभाग की देखरेख नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे।

सरकार द्वारा की गई यह वैकल्पिक व्यवस्था 20 से 28 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी। राज्य सरकार के मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, इस अंतरिम कदम का मुख्य उद्देश्य विक्रमादित्य सिंह की अनुपस्थिति के दौरान दोनों बड़े विभागों के नीतिगत व प्रशासनिक फैसलों में किसी भी प्रकार का व्यवधान रोकना है। मंत्री के स्वदेश लौटने पर दोनों विभागों का प्रभार पूर्ववत उनके पास ही आ जाएगा।

 

अनिरुद्ध सिंह संभालेंगे PWD, बुनियादी ढांचे की बहाली पर रहेगा जोर

हिमाचल प्रदेश जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले पहाड़ी राज्य में लोक निर्माण विभाग सबसे महत्वपूर्ण विभागों में से एक माना जाता है। वर्तमान में मानसून के बाद सड़कों, पुलों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की मरम्मत व पुननिर्माण का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। ऐसे में विभागीय कार्यप्रणाली प्रभावित न हो, इसके लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को PWD की कमान सौंपी गई है ताकि विकास कार्यों की नियमित निगरानी बनी रहे।

 

ब्राजील दौरे पर हैं विक्रमादित्य सिंह, राजेश धर्माणी देखेंगे शहरी विकास

वहीं, विक्रमादित्य सिंह के पास मौजूद दूसरे प्रमुख विभाग शहरी विकास की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी को दी गई है। धर्माणी वर्तमान में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग संभाल रहे हैं। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ब्राजील में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए विदेश दौरे पर गए हैं। उनके साथ विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का शिष्टमंडल भी गया है, जिसके चलते सरकार ने विभागों के सुचारु संचालन के लिए यह अंतरिम फेरबदल किया है।

खबरें और भी हैं...