Himachal News: सतलुज जल विद्युत निगम (SJVN) की झाकड़ी स्थित देश की प्रमुख जल विद्युत परियोजना, नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में केंद्रीय विद्युत मंत्रालय और एसजेवीएन निगम मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ है जो आगामी 2 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगा। इसी कड़ी में शुक्रवार को परियोजना प्रबंधन और कर्मचारियों द्वारा कार्यालय परिसर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के किनारे एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस विशाल स्वच्छता अभियान की अगुवाई नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर ने की। अभियान में परियोजना के सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी सहयोगियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई करते हुए सड़क किनारे बिखरे कचरे को एकत्र किया।
अभियान के दौरान परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सड़क किनारे बिखरे प्लास्टिक, पॉलीथीन, सिंगल यूज प्लास्टिक, कागज और अन्य हानिकारक अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र किया। इसके साथ ही एकत्रित किए गए गीले और सूखे कचरे को वैज्ञानिक तरीके से अलग-अलग किया गया ताकि उसका उचित प्रबंधन और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। एकत्रित कचरे का निर्धारित प्रक्रिया के तहत पारिस्थिकीय रूप से सही निस्तारण भी किया गया।
इस अवसर पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी पखवाड़े या विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे अपनी दैनिक कार्यशैली और दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल के साथ-साथ आसपास के रिहायशी इलाकों को भी साफ-सुथरा रखने तथा समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।