Mandi News: जिला मंडी के सुंदरनगर में सर्व कामगार संगठन का राज्य स्तरीय सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 130 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का शुभारंभ ध्रुव सर्वजन संरक्षण समिति हिमाचल प्रदेश के राज्य समिति सदस्य द्वारा किया गया। सम्मेलन के दौरान कामगारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
सम्मेलन के दौरान संगठन के महासचिव अजित राठौर ने विस्तृत रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही विश्व में चल रहे युद्धों के विरोध व विश्व शांति के पक्ष में, राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक जागरूकता तथा कामगारों के अधिकारों के लिए एक बड़े जनआंदोलन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इसके साथ ही बैठक में एक बड़ा निर्णय लेते हुए संगठन का पुराना नाम ‘हि.प्र. मनरेगा व निर्माण एवं सर्व कामगार संगठन’ बदलकर ‘सर्व कामगार संगठन, हिमाचल प्रदेश’ करने का प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन का मुख्य राज्य कार्यालय सुंदरनगर में ही संचालित होगा।
सम्मेलन में डॉ. राजीव कुमार, अमर सिंह चौधरी, कुलदीप कुमार, रागेश्वरी कश्यप, यशोधा, पिंकी देवी, निशा, ममता, लाल सिंह, अनिल कपिला और कान्ता ने भी अपने विचार रखे।
नई 16 सदस्यीय राज्य कमेटी का गठन
इस दौरान सर्वसम्मति से संगठन की नई 16 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें राज्य सलाहकार अमर सिंह राघवा, अध्यक्ष यशोदा, उपाध्यक्ष ललित कुमार, महासचिव अजित राठौर, सहसचिव कान्ता, कोषाध्यक्ष जोगिंदर और प्रेस सचिव रागेश्वरी कश्यप चुने गए। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में गुड्डी देवी, लाल सिंह, पिंकी देवी, अनिल कपिला, अमर सिंह चौधरी, संजय कुमार, अनिल कुमार, अरुण कुमार और श्याम लाल को शामिल किया गया।
मानसिक गुलामी से मुक्त समाज की स्थापना का आह्वान
सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राज्य सलाहकार अमर सिंह राघवा ने सभी कामगारों से संगठन के मूल सिद्धांतों सत्य, ईमानदारी, सेवा, प्रेम और शांति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कामगारों को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मानसिक गुलामी से मुक्त समाज की स्थापना के लिए एकजुट होकर जनआंदोलन चलाना होगा। सम्मेलन के अंत में सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।