रमेश कंवर: केलांग
Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 21 नवंबर 2026 की कार्यवाही के दौरान लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने मौजूदा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर अपनी बात बेहद बेबाकी से सदन के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि समाज और तंत्र में हम जिस सुधार की अपेक्षा रखते हैं, उसकी नींव सबसे पहले व्यक्तिगत स्तर पर रखनी होगी।
विधायक अनुराधा राणा ने सदन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिस व्यवस्था और बदलाव को हम सिस्टम में देखना चाहते हैं, उसकी शुरुआत सबसे पहले हमें अपने भीतर से करनी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल सिस्टम की खामियों पर सवाल उठाने से अपेक्षित बदलाव नहीं आएगा, बल्कि इसके लिए हमें खुद भी अपनी जिम्मेदारियों और कार्यशैली में सकारात्मक सुधार करना होगा।
जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन पर पूर्व भाजपा सरकार को घेरा
विधानसभा सत्र के दौरान विधायक अनुराधा राणा ने जनजातीय क्षेत्र में पेयजल योजनाओं की स्थिति और जल जीवन मिशन के मुद्दे पर पूर्व भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने योजना के जमीनी क्रियान्वयन और इससे जुड़ी अनियमितताओं को लेकर सदन में तीखे सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को दिया आत्ममंथन का संदेश
अपने संबोधन के माध्यम से विधायक ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए केवल आलोचना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक तंत्र तक हर किसी को आत्ममंथन करते हुए ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।