रमेश कंवर: लद्दाख
Ladakh News: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में खेल के बुनियादी ढांचे को एक ऐतिहासिक मुकाम पर ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है। समुद्र तल से 11,800 फीट की ऊंचाई पर दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना है, जिस पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस भव्य परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। लद्दाख प्रशासन द्वारा बनाई गई इस योजना के पूरा होने के बाद यह दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम बन जाएगा।
प्रस्तावित स्टेडियम के लेह के निकट थिक्से क्षेत्र में बनाए जाने की संभावना है और इसका नाम ‘रणबीरपुर क्रिकेट स्टेडियम’ रखा जा सकता है। यह स्टेडियम दुनियाभर के खेल प्रेमियों और पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा। परियोजना का मुख्य उद्देश्य लद्दाख के स्थानीय युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करना, खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और क्षेत्र में खेल पर्यटन को बढ़ावा देना है।
तैयार होने के बाद गर्मियों के मौसम में लेह से 17 किलोमीटर दूर स्थित थिक्से का यह स्टेडियम देश-दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। उच्च हिमालयी क्षेत्र की अनूठी प्राकृतिक परिस्थितियाँ और यह ऊंचाई लद्दाख को खेल पर्यटन का एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य बना सकती है।
चैल, धर्मशाला और श्रीनगर से कहीं अधिक ऊंचाई पर होगा नया स्टेडियम
भारत में पहले से ही कई प्रसिद्ध क्रिकेट मैदान ऊंचे स्थानों पर स्थित हैं, जिनमें हिमाचल प्रदेश का ऐतिहासिक चैल क्रिकेट ग्राउंड समुद्र तल से करीब 8,000 फीट की ऊंचाई पर है और इसे अब तक दुनिया के सबसे ऊंचे क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है। इसके मुकाबले लद्दाख में बनने वाला नया स्टेडियम चैल से लगभग 3,800 फीट अधिक ऊंचाई पर होगा।
इसके अलावा, श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम 5,200 फीट और धर्मशाला का प्रसिद्ध एचपीसीए स्टेडियम लगभग 4,780 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। लद्दाख को वैश्विक खेल मानचित्र पर स्थापित करने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है। इससे पहले लेह के निकट कृत्रिम आइस हॉकी रिंक तैयार किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की क्षमता है। इसके साथ ही, ‘खेलो इंडिया’ अभियान के तहत लेह के स्पितुक में 11,500 फीट की ऊंचाई पर देश का सबसे ऊंचा एस्ट्रो टर्फ फुटबॉल स्टेडियम भी पहले ही बनाया जा चुका है।