Una News: हिमाचल प्रदेश में पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत जिला ऊना में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और नाकाबंदी के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चरस और हेरोइन (चिट्टा) की खेप बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहला मामला ऊना के लाल सिंगी का है, जहां विशेष जांच इकाई (SIU) को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रायजादा सर्विस स्टेशन के पास खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। बैग की गहनता से जांच करने पर उसके कब्जे से 208 ग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में आरोपी की पहचान धीरज कुमार निवासी बल बागडू, डाकघर मझीण, तहसील खुंडियां, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नशीले पदार्थों की सप्लाई चैन और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पालकवाह में बाइक सवारों से बरामद हुआ चिट्टा
दूसरा मामला हरोली उप-मंडल के तहत आने वाले पालकवाह का है। शाम के समय हरोली पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखा गया 1.66 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चालक बहादुर सिंह (निवासी वार्ड नंबर आठ) और उसके साथ सवार राजिन्द्र कुमार (निवासी वार्ड नंबर दो, पालकवाह) को नामजद कर गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।