डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली में ‘रंगोली’ कॉन्सर्ट और ‘अपराजिता’ वार्षिकोत्सव आयोजित, मेधावी छात्र सम्मानित

1 महीना पहले

रमेश कंवर: मनाली

Kullu News: डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली में दो दिवसीय ‘रंगोली’ कक्षा-कॉन्सर्ट और ‘अपराजिता’ वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का बड़े उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और शैक्षणिक व खेलकूद उपलब्धियों को मंच प्रदान किया गया।

आयोजन के पहले दिन 16 अक्टूबर को आयोजित ‘रंगोली’ कक्षा-कॉन्सर्ट में मनाली के एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इसमें नर्सरी से चौथी कक्षा तक के नन्हे विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत के विभिन्न राज्यों की झलक प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने प्रत्येक कक्षा को प्रोत्साहन स्वरूप गिफ्ट हैंपर प्रदान किए और बच्चों के आत्मविश्वास व रचनात्मकता की सराहना की।

 

‘अपराजिता‘ वार्षिकोत्सव में नारी शक्ति की गाथा

कार्यक्रम के दूसरे दिन 17 अक्टूबर को ‘अपराजिता’ वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें एआरओ एचपी ज़ोन-सी के.एस. गुलेरिया मुख्य अतिथि रहे। समारोह में डीएवी मनाली के मैनेजर आर.एस. राणा, डीएवी आलमपुर के प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा, डीएवी नेरचौक के प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा और डीएवी पंडोह की प्रधानाचार्या वंदना कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वैदिक काल से आधुनिक काल तक नारी की सफलता पर आधारित ‘अपराजिता’ प्रस्तुति रही।

 

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित

इस दौरान शैक्षणिक सत्र, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा तीसरी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मनाली के समाजसेवक एस.सी. मेहंदीरता द्वारा दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को 8,000 रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि, ट्रॉफी और गिफ्ट हैंपर प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

विद्यार्थियों को अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश

मुख्य अतिथि के.एस. गुलेरिया ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या निरुपमा बेदी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।

खबरें और भी हैं...