रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: जिला कुल्लू के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायसन में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के दौरान स्वयंसेवियों के लिए एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, दिव्यांगता और सामाजिक समावेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
सत्र में सहभागिता एनजीओ के निदेशक एवं सांफिआ फाउंडेशन के ऑपरेशंस हेड बीजू हिमदल ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा एक स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान सहभागिता एनजीओ के सचिवालय प्रमुख अमन भारती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दिव्यांग व्यक्तियों के प्रति सम्मान और समावेशी समाज पर जोर
जागरूकता सत्र के दौरान दिव्यांग व्यक्तियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार, उन्हें समान अवसर प्रदान करने तथा समाज की मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि एक सशक्त और समावेशी समाज के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका अहम होती है, जहाँ किसी भी व्यक्ति के साथ बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।
एनएसएस स्वयंसेवियों ने पूरे सत्र को बेहद तन्मयता से सुना और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इन विषयों में गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी भेद राम भी उपस्थित रहे। इस जागरूकता शिविर के माध्यम से युवाओं को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का अहसास कराने के साथ-साथ एक नशामुक्त और समावेशी समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।