रमेश कंवर: शिमला
Himachal News: देवभूमि हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस ने एक साथ व्यापक कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। लाहौल-स्पीति के तांदी, शिमला के पड़ेची, हमीरपुर शहर, सुंदरनगर के जीरो चौक और कुल्लू के डुंखरा चौक पर नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने 1 किलो 245 ग्राम से अधिक चरस और 20 ग्राम से ज्यादा चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इन मामलों में मंडी, शिमला, बिहार और बेंगलुरु के कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके वाहन जब्त किए गए हैं।
Himachal News: युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कड़ा प्रहार
राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत पुलिस की जिला इकाइयों और स्पेशल सेल ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए यह सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में स्थानीय पेडलरों के साथ-साथ बाहरी राज्यों के तस्कर भी शामिल हैं, जो निजी वाहनों और टैक्सियों के जरिए नशे की खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। संबंधित थानों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर गहन पूछताछ शुरू कर दी गई है।
Himachal News: अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कड़ा प्रहार
राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत पुलिस की जिला इकाइयों और स्पेशल सेल ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए यह सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में स्थानीय पेडलरों के साथ-साथ बाहरी राज्यों के तस्कर भी शामिल हैं, जो निजी वाहनों और टैक्सियों के जरिए नशे की खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। संबंधित थानों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर गहन पूछताछ शुरू कर दी गई है।
लाहौल-स्पीति: 17 ग्राम चरस बरामद, मंडी और बिहार के 4 लोग गिरफ्तार
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर तांदी पेट्रोल पंप के समीप डंपिंग साइट के पास पुलिस टीम नियमित नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर मंडी नंबर की गहरे स्लेटी रंग की कार (HP29B9723) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 17.180 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने कार चला रहे 39 वर्षीय अश्वनी राठौर निवासी पसलहार (जोगिंदर नगर, मंडी) सहित उसमें सवार रूपेश कुमार निवासी मुंगेर (बिहार), मुकेश कुमार निवासी धनेतर (जोगिंदर नगर) और संदीप कुमार निवासी रिबल भटेहड़ (जोगिंदर नगर) को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली।
शिमला: पड़ेची में अलमारी के रैक में छिपाया था 16 ग्राम चिट्टा, शातिर तस्कर दबोचा
राजधानी शिमला के पड़ेची इलाके में पुलिस की स्पेशल सेल ने एक रिहायशी कमरे पर गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी। तलाशी के दौरान लकड़ी की अलमारी के ऊपरी रैक में प्लास्टिक के डिब्बों की आड़ में छुपाकर रखा गया करीब 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपी अभिषेक ठाकुर निवासी पड़ेची को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सदर शिमला में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हमीरपुर: बाइक सवारों से 1 किलो 28 ग्राम चरस बरामद
हमीरपुर शहर के बाजार में गश्त के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा करते हुए हथली खड्ड के समीप उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 28 ग्राम चरस बरामद की गई। बाइक चला रहे मुख्य आरोपी लेखराज (20) निवासी बाखली (पंडोह, मंडी) और उसके साथ बैठे एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। एएसपी राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि की है।
सुंदरनगर: जीरो चौक पर बाइक सवार से चिट्टा बरामद
मंडी जिला के सुंदरनगर स्थित थाना बीएसएल कॉलोनी की पुलिस टीम ने जीरो चौक पर नाकाबंदी कर रखी थी। जांच के दौरान पुलिस ने बाइक पर आ रहे पंकज कुमार निवासी छजवाली (रिवालसर, मंडी) को रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से 4.490 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ सहित तस्करी में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।
कुल्लू: 200 ग्राम चरस के साथ बेंगलुरु का युवक गिरफ्तार
कुल्लू जिला के जरी पुलिस दल ने मणिकर्ण घाटी के डुंखरा चौक पर रूटीन चेकिंग के दौरान एक टैक्सी को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान पिछली सीट पर बैठे 28 वर्षीय युवक (निवासी बेंगलुरु, कर्नाटक) के बैग और कब्जे से 200 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत चरस को सील कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।