रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बड़ा और बेहद दिलचस्प बयान दिया है। कुल्लू के मौहल प्रवास के दौरान मीडियाकर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट में शामिल किए जाने के सवाल पर चुटीले अंदाज में कहा कि भाग्य की कुंडली जब खुलेगी, उसी हिसाब से उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों और राजनीतिक मंचों पर मंत्रिमंडल में कुल्लू के प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चाएं एक बार फिर चरम पर पहुंच गई हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मामले को और स्पष्ट करते हुए कहा कि वह पिछले एक वर्ष से सुंदर ठाकुर को कैबिनेट में शामिल करने की लगातार पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने साफ संकेत दिए कि सुंदर ठाकुर का इंतजार अब बहुत लंबा नहीं खिंचेगा और जल्द ही उन्हें राज्य मंत्रिमंडल में शामिल कर मंत्री पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
लंबे समय से संगठन और क्षेत्र में सक्रिय हैं सुंदर ठाकुर, कुल्लू को कैबिनेट में जगह की आस
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर पार्टी संगठन के वरिष्ठ और निष्ठावान नेताओं में गिने जाते हैं जिन्होंने कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति दी है। जिले के कार्यकर्ताओं का मानना है कि पर्यटन और बागवानी की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण कुल्लू जिले को राज्य मंत्रिमंडल में उचित स्थान मिलना अनिवार्य है ताकि घाटी के रुके हुए प्रोजेक्ट तेजी पकड़ सकें।
सुक्खू सरकार में जल्द संभावित विस्तार, हाईकमान की हरी झंडी का इंतजार
मुख्यमंत्री के इस बयान से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि प्रदेश सरकार और संगठन में क्षेत्रीय संतुलन साधने की तैयारी पूरी हो चुकी है। अब सबकी निगाहें इसी बात पर टिकी हैं कि सुंदर ठाकुर की भाग्य की कुंडली पर औपचारिक मुहर कब लगती है और पार्टी हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद उन्हें कब राजभवन में मंत्री पद की शपथ दिलाई जाती है।