Himachal News: धर्मशाला में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान, सांसद हरीश चंद्र मीणा ने उठाए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल

Himachal News: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान और राज्यसभा सांसद एवं जिला कांगड़ा कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा के नेतृत्व में धर्मशाला स्थित होटल द कुनाल में ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता के आरंभ में उपस्थित सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष स्वर्गीय चंद्रमणि कुलेठी के असामयिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत अभियान के जिला ऑब्जर्वर एवं लोकसभा सांसद हरीश चंद्र मीणा ने मीडिया से रूबरू होते हुए चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया।

 

Himachal News: पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की वास्तविक रीढ़

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद हरीश चंद्र मीणा ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी व्यवस्था ही भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ अभियान के मुख्य उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान समय में मतदाता सूचियों की विश्वसनीयता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक पूरी मजबूती के साथ संघर्ष जारी रखेगी।

 

मतदाता सूची की विश्वसनीयता और कथित ‘वोट चोरी’ पर रखी पार्टी की बात

सांसद मीणा ने मीडियाकर्मियों के सवालों के जवाब देते हुए कथित ‘वोट चोरी’ के मामलों, चुनावी तंत्र में पारदर्शिता के अभाव और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संस्थाओं को पूरी तरह निष्पक्ष रहकर कार्य करना चाहिए ताकि आम जनता का लोकतंत्र और मतदान प्रणाली पर विश्वास अडिग बना रहे। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पत्रकारों द्वारा चुनावी प्रक्रियाओं और पार्टी की भावी रणनीति को लेकर पूछे गए तीखे सवालों के सिलसिलेवार उत्तर दिए।

खबरें और भी हैं...