Himachal News: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का उदयपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत, विधायक अनुराधा राणा ने कुकुमसेरी कॉलेज में स्टाफ भरने की उठाई मांग

Himachal News

रमेश कंवर: केलांग

Himachal News: हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर पहुंचने पर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान विधायक अनुराधा राणा ने शिक्षा मंत्री के समक्ष घाटी में उच्च शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और कुकुमसेरी कॉलेज में लंबे समय से रिक्त चल रहे शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक पदों को शीघ्र भरने का विशेष आग्रह किया।

 

कुकुमसेरी कॉलेज में स्टाफ की कमी दूर करने की मांग

विधायक अनुराधा राणा ने शिक्षा मंत्री को अवगत करवाया कि कुकुमसेरी कॉलेज में प्राध्यापकों एवं अन्य आवश्यक कर्मचारियों की कमी के कारण दूर-दराज के जनजातीय विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से कठिन इस क्षेत्र के युवाओं को उनके घर-द्वार पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाना अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने शिक्षा मंत्री से प्राथमिकता के आधार पर रिक्त पदों को भरने की अधिसूचना जारी करने और शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की पुरजोर मांग की।

 

बीआरओ ओसी के साथ एसकेटीटी मार्ग को लेकर की अहम चर्चा

अपने प्रवास के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सीमा सड़क संगठन (BRO) के अधिकारी ओसी मेजर पारस कोचर के साथ महत्वपूर्ण तांदी-किश्तवाड़ (SKTT) मार्ग की स्थिति और रखरखाव को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में विधायक अनुराधा राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बैठक के दौरान जनजातीय क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे के विस्तार और सीमांत क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी को हर मौसम में सुचारू बनाए रखने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।

 

पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और ब्लॉक पदाधिकारी भी रहे मौजूद

इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिला अध्यक्ष ज्ञालछन ठाकुर, उदयपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल ठाकुर, महासचिव अर्जुन, मीडिया कोऑर्डिनेटर लाल चंद, सचिव जितेंद्र सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री के समक्ष क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर अपने सुझाव रखे।

खबरें और भी हैं...