Himachal News: निवेदिता नेगी ने संभाला लाहौल-स्पीति के DC का कार्यभार, जनहित व विकास को बताया प्राथमिकता

रमेश कंवर: केलांग

Himachal News: वर्ष 2017 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी निवेदिता नेगी ने शुक्रवार को सामरिक एवं जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के उपायुक्त (DC) के रूप में विधिवत पदभार संभाल लिया है। जिला मुख्यालय केलांग पहुंचने पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय करते हुए जिले में चल रहे विकासात्मक कार्यों की समीक्षा की।

कार्यभार संभालने के उपरांत उपायुक्त निवेदिता नेगी ने जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने जनजातीय जिले की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, आगामी शीतकाल की तैयारियों, विभिन्न विभागों की दैनिक कार्यप्रणाली तथा घाटी में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति के संबंध में बिंदुवार जानकारी हासिल की।

 

पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध पहुंचाना और जनसमस्याओं का समाधान मुख्य ध्येय

इस अवसर पर उपायुक्त ने अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पंक्ति के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।

 

विभागीय समन्वय और सामूहिक प्रयासों से दी जाएगी विकास कार्यों को गति

उपायुक्त निवेदिता नेगी ने कहा कि लाहौल-स्पीति के समग्र विकास और जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया ताकि जनजातीय क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिले और सामूहिक प्रयासों से घाटी के विकास को नई दिशा दी जा सके।

खबरें और भी हैं...