पीएम-किसान की 24वीं किस्त से हिमाचल के 11 लाख किसानों को मिला संबल

2 घंटे पहले

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सदस्य एवं हिमाचल भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। केंद्र सरकार के इस कदम से हिमाचल प्रदेश के लगभग 11 लाख किसान परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है और उनके बैंक खातों में करीब 220 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि प्राप्त हुई है। अखिलेश कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर अन्नदाताओं के सशक्तिकरण में जुटी है।

 

प्रत्येक लाभार्थी को अब तक मिले 48,000 रुपये

पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक मदद तीन समान किस्तों में दी जाती है। योजना की 24 किस्तों के जरिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी को अब तक कुल 48,000 रुपये की सीधी वित्तीय सहायता प्राप्त हो चुकी है। अखिलेश कपूर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के किसानों को इस योजना के आरंभ से लेकर अब तक लगभग 5,230 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि प्रदान की जा चुकी है, जो प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों की आर्थिकी को मजबूत संबल दे रही है।

 

खाद, बीज और कृषि जरूरतों के लिए संजीवनी बनी योजना

हिमाचल प्रदेश जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले पहाड़ी राज्य में कृषि एवं बागवानी अधिकांश ग्रामीण आबादी की आजीविका का मुख्य आधार है। ऐसे में समय पर मिलने वाली यह सम्मान निधि किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि उपकरणों जैसी अनिवार्य आवश्यकताओं को पूरा करने में बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इस आर्थिक संबल ने छोटे एवं सीमांत किसानों को साहूकारों और कर्जों पर निर्भरता से बचाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया है।

 

विपक्ष पर साधा निशाना

कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश कपूर ने कहा कि विपक्ष को किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे ठोस कदमों को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों और बागवानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष केवल भ्रामक और नकारात्मक राजनीति में लिप्त है। उन्होंने विपक्ष से नकारात्मकता त्यागकर किसानों के हित में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।

खबरें और भी हैं...