J&K News: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पत्रकार निधि राजदान ने रचाई शादी

J&K News: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान के साथ परिणय सूत्र में बंध गए हैं। नई दिल्ली में आयोजित एक सादे समारोह में दोनों ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी की, जिसकी तस्वीरें स्वयं उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए “कल एक नई यात्रा शुरू हुई” लिखकर पुष्टि की। शादी की सार्वजनिक घोषणा के बाद राजनीतिक और मीडिया गलियारों में दोनों के व्यक्तिगत जीवन, करियर और संपत्ति को लेकर व्यापक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

 

चुनावी हलफनामे में उमर अब्दुल्ला की संपत्ति 55.24 लाख रुपये

विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल चुनावी हलफनामे के अनुसार, उमर अब्दुल्ला की कुल घोषित संपत्ति करीब 55.24 लाख रुपये दर्ज है। इसमें 95 हजार रुपये नकद, 23.50 लाख रुपये की बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट और 30 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण शामिल हैं। हलफनामे के मुताबिक उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति दर्ज नहीं है। उनकी आय के प्रमुख स्रोतों में पूर्व विधायक व सांसद के रूप में मिलने वाली पेंशन, संवैधानिक पदों के वेतन-भत्ते तथा बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज शामिल है। इसके अलावा कश्मीर में पारिवारिक बागानों में हिस्सेदारी को भी उनकी आय से जोड़कर देखा जाता रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 में उनकी घोषित आय 13.20 लाख रुपये रही थी।

 

निधि राजदान का मीडिया करियर और अनुमानित संपत्ति

टेलीविजन पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक शीर्ष पदों पर कार्यरत रहीं निधि राजदान की कुल संपत्ति मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लगभग करीब 45 करोड़ रुपये आंकी जाती है। अंग्रेजी समाचार चैनलों में प्राइम टाइम एंकर और वरिष्ठ संपादक के रूप में कार्यरत रहने के दौरान वे देश की सर्वाधिक वेतन पाने वाली महिला पत्रकारों में शुमार रहीं। टेलीविजन पत्रकारिता के अतिरिक्त उन्होंने ‘Left, Right and Centre: The Idea of India’ पुस्तक लिखी है और विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं तथा डिजिटल मंचों पर नियमित स्तंभ लेखन भी करती रही हैं।

 

दोनों का व्यक्तिगत सफर और वैवाहिक पृष्ठभूमि

उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान दोनों के जीवन का यह दूसरा वैवाहिक अध्याय है। निधि राजदान का विवाह पूर्व में पत्रकार नीलेश मिश्रा के साथ हुआ था, जो वर्ष 2007 में आपसी सहमति से तलाक में समाप्त हो गया था। वहीं, उमर अब्दुल्ला का विवाह वर्ष 1994 में पायल नाथ से हुआ था। लंबे समय तक अलग रहने के बाद हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आपसी सहमति के आधार पर उनके तलाक को औपचारिक रूप से अंतिम मंजूरी दी गई थी। घोषित वित्तीय आंकड़ों और रिपोर्ट्स के अनुसार, वित्तीय परिसंपत्तियों के मामले में निधि राजदान उमर अब्दुल्ला से काफी आगे हैं।

खबरें और भी हैं...