Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र की रठियार पंचायत के कुज्जल गांव में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 29 वर्षीय युवक की सोते समय अचानक मौत हो गई। रात को परिवार के साथ सामान्य रूप से बातचीत और भोजन करने के बाद सोने गए युवक के अगली सुबह बिस्तर पर बेसुध मिलने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन जब उसे बेसुध हालत में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा लेकर पहुंचे, तो वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कुज्जल गांव निवासी 29 वर्षीय मुकेश कुमार, पुत्र जैको के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात मुकेश ने परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर सामान्य माहौल में रात का खाना खाया और उसके बाद अपने कमरे में सोने चले गए। अगली सुबह जब काफी समय बीत जाने के बाद भी उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई, तो पत्नी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया। बार-बार आवाज देने और हिलाने पर भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने से परिजनों में हड़कंप मच गया और वे तुरंत उसे लेकर अस्पताल भागे।
मेडिकल कॉलेज चंबा के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत मुकेश को मृत घोषित कर दिया। हंसते-खेलते नौजवान की अचानक हुई इस असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे कुज्जल गांव और आसपास के क्षेत्रों में सन्नाटा पसर गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना चंबा की पुलिस टीम ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों के विस्तृत बयान कलमबद्ध किए। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने इस संदिग्ध व आकस्मिक मौत के मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के अंतर्गत नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।