Sirmaur News: कालाआम्ब में एसटीएफ का बड़ा एक्शन, चिट्टे के साथ हरियाणा के दो युवक गिरफ्तार; बाइक जब्त

Sirmaur News: औद्योगिक क्षेत्र कालाआम्ब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की टीम ने सीमांत क्षेत्र में गश्त के दौरान हरियाणा के दो युवकों को 11.46 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दबोच लिया। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को तुरंत कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

 

अंबाला के नारायणगढ़ के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस से प्राप्त विवरण के अनुसार एसटीएफ की टीम कालाआम्ब सीमा के समीप संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक मोटरसाइकिल (HR02AJ4689) पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस दल ने शक के आधार पर बाइक को रोककर दोनों की तलाशी ली, तो उनके पास से 11.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गगनदीप (32 वर्ष) निवासी बेरखेड़ी माजरा तथा सन्नी कुमार (30 वर्ष) निवासी सकापुरा, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है।

 

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस टीम ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थ को सील कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस थाना कालाआम्ब में आरोपियों के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि आरोपी यह खेप हरियाणा के किस सप्लायर से लेकर आए थे और हिमाचल के सीमांत औद्योगिक क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और संपर्कों को खंगालकर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

खबरें और भी हैं...