धामी में दिवाली पर 300 साल पुरानी अनूठी परंपरा, जमकर बरसे पत्थर; युवक का खून निकलते ही तिलक कर संपन्न हुआ पत्थर मेला

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: राजधानी शिमला से सटे ऐतिहासिक कस्बे धामी में दिवाली के अगले दिन सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए पारंपरिक ‘पत्थर मेला’ धूमधाम और धार्मिक आस्था के साथ संपन्न हुआ। मेले के दौरान दो पारंपरिक गुटों ने करीब एक घंटे तक एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाए। इस दौरान जैसे ही एक युवक को पत्थर लगने से खून निकला, तुरंत खेल रोक दिया गया और उसी रक्त से मां भद्रकाली का पवित्र तिलक कर मेले का विधिवत समापन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में धामी रियासत के पूर्व राजपरिवार के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। मेले की शुरुआत से पहले परंपरा के अनुसार धामी के राजा की हवेली में स्थित प्राचीन नरसिंह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई।

 

नरबलि की कुप्रथा रोकने के लिए रानी ने दिया था पत्थर मेले का सुझाव, बाद में हो गई थीं सती

त्योहार के अवसर पर पत्थरबाजी और मानव रक्त निकालने की यह अनूठी परंपरा करीब तीन से चार सौ साल पुराने इतिहास से जुड़ी है। राजपरिवार के वंशज जगदीप सिंह के अनुसार उस दौर में क्षेत्र की सुख-समृद्धि और राजघराने के सुनहरे भविष्य के लिए मां भद्रकाली को नरबलि देने का क्रूर रिवाज था। धामी रियासत की तत्कालीन रानी इस अमानवीय प्रथा के सख्त खिलाफ थीं और उनके कड़े विरोध के बाद नरबलि पूरी तरह बंद करवा दी गई।

इसके विकल्प के रूप में भैंस की बलि शुरू हुई, लेकिन इसके बाद क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाएं और शाही परिवार पर संकट आने लगे, जिससे स्थानीय लोगों ने दोबारा नरबलि शुरू करने का दबाव बनाया। रानी किसी भी कीमत पर नरबलि के पक्ष में नहीं थीं, इसलिए उन्होंने बीच का रास्ता निकालते हुए पत्थर मेले की शुरुआत कराई और बाद में इस कुप्रथा के पूर्ण खात्मे के संकल्प के साथ चौराज में सती हो गईं।

 

तुनड़ू, जठौती, कटेड़ू और जमोगी परिवारों के बीच होता है मुकाबला, चौराज में सजता है अखाड़ा

धामी रियासत में यह खेल चौराज गांव स्थित रानी के सती स्मारक चबूतरे के पास आयोजित होता है। इसमें एक तरफ से राजपरिवार का प्रतिनिधित्व करने वाले तुनड़ू, जठौती और कटेड़ू परिवार की टोली मोर्चा संभालती है, जबकि दूसरी तरफ जमोगी खानदान की टोली के सदस्य पत्थर फेंकते हैं। दोनों पक्षों के बीच यह मुकाबला पूरी तरह आपसी सौहार्द और स्वैच्छिक भावना से खेला जाता है। मान्यता है कि मां भद्रकाली को रक्त अर्पित किए बिना वे शांत नहीं रहती हैं, इसलिए इस खेल में निकले पहले मानव रक्त से मां का तिलक कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और खुशहाली की कामना की जाती है। वैश्विक महामारी कोरोना काल के दौरान भी भीड़ जुटाने पर पाबंदी के बावजूद राजपरिवार और पुजारियों ने सूक्ष्म स्तर पर अपने रक्त से तिलक कर इस अटूट परंपरा को जीवित रखा था।

 

पृथ्वीराज चौहान के वंशज रहे हैं धामी के शासक

शिमला हिल्स की रियासतों में धामी का अपना एक विशिष्ट और स्वतंत्र इतिहास रहा है। यह रियासत कभी किसी अन्य बाहरी ताकत या राज्य के अधीन नहीं रही। ऐतिहासिक दस्तावेजों के मुताबिक धामी रियासत के शासक दिल्ली के अंतिम हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान के वंशज रहे हैं। करीब 73 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली इस रियासत की राजधानी हलोग हुआ करती थी, जहां आज भी सदियों पुराने महल और ऐतिहासिक धरोहरें मौजूद हैं। रियासत के प्रतापी राजा दलीप सिंह, जो वानिकी (फॉरेस्ट्री) के बड़े ज्ञाता थे, उन्होंने 1908 से 1987 तक लंबे समय तक शासन किया। इसके बाद राजा प्रताप सिंह ने वर्ष 2008 तक गद्दी संभाली।

 

परंपरा और आस्था के साथ स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की रही मुस्तैदी

धामी का पत्थर मेला नरबलि जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त कर प्रतीकात्मक परंपरा स्थापित करने का जीवंत संदेश देता है। चूंकि इस आयोजन में पत्थरबाजी के कारण चोट लगने का जोखिम हमेशा बना रहता है, इसलिए प्रशासन और आयोजकों द्वारा दर्शकों को सुरक्षित दूरी पर रहने तथा बच्चों व बुजुर्गों को दूर रखने की हिदायत दी जाती है। मेले के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए मौके पर प्राथमिक चिकित्सा दल, एंबुलेंस और पुलिस बल की पुख्ता तैनाती रही, जिससे घायल युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

 

खबरें और भी हैं...