Delhi Air Pollution: दिवाली की आतिशबाजी से दिल्ली-एनसीआर में हवा हुई जहरीली, कई इलाकों में AQI 400 पार; सांस लेना हुआ दूभर

14 घंटे पहले

Delhi Air Pollution: देश की राजधानी दिल्ली और समूचे एनसीआर में दिवाली की रात जमकर हुई आतिशबाजी के बाद वायु गुणवत्ता का स्तर खतरनाक स्तर तक गिर गया है। पटाखों के अनियंत्रित धुएं और शांत हवाओं के चलते समूचे वातावरण में घनी जहरीली धुंध की चादर बिछ गई, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में भारी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आधी रात के बाद दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 372 दर्ज किया गया, जबकि राजधानी के दर्जन भर से अधिक निगरानी केंद्रों पर यह आंकड़ा 400 के पार पहुंचकर गंभीर श्रेणी में दर्ज हुआ।

 

 जहांगीरपुरी, बवाना और रोहिणी में हवा गंभीर

राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर अलग-अलग रहा, लेकिन औद्योगिक और बाहरी रिहायशी इलाकों में हालात सबसे ज्यादा बदतर दर्ज किए गए। सीपीसीबी के अनुसार जहांगीरपुरी में एक्यूआई 447, नॉर्थ कैंपस में 445, बवाना में 434, चांदनी चौक में 430, डीटीयू में 430, पटपड़गंज में 421, पंजाबी बाग में 416 और अलीपुर में 413 रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा रोहिणी और विवेक विहार में 442, मुंडका में 405 और आईटीओ पर 407 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं द्वारका सेक्टर-8 में 393, नरेला में 392, ओखला फेज-2 में 364, लोधी रोड में 362 और आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर यह आंकड़ा 323 रहा।

 

नोएडा और गाजियाबाद में भी हालात बिगड़े

दिल्ली से सटे उपनगरों में भी आतिशबाजी के धुएं ने हवा को सांस लेने लायक नहीं छोड़ा। नोएडा के सेक्टर 62 में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज होते हुए एक्यूआई 445 तक पहुंच गया। वहीं सेक्टर 110 में 321, सेक्टर 150 में 315, सेक्टर 39 और सेक्टर-1 में 301 दर्ज हुआ। गाजियाबाद के लोनी में एक्यूआई 390, वेव सिटी में 378, गोविंदपुरम में 342 और इंदिरापुरम में 317 दर्ज किया गया। उधर गुरुग्राम के टेरी ग्राम में 372, विकास सदन में 344, सेक्टर 51 में 263 और ग्वाल पहाड़ी में 232 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ।

 

गंभीर श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण

वायु गुणवत्ता मानकों के अनुसार 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब और 301 से 400 को बहुत खराब माना जाता है। वहीं 401 से 500 के बीच का स्तर गंभीर श्रेणी में आता है, जो स्वस्थ व्यक्तियों के श्वसन तंत्र को नुकसान पहुंचाने और पहले से बीमार लोगों के लिए जानलेवा साबित होने की क्षमता रखता है। राजधानी के कई इलाकों में 400 से अधिक एक्यूआई दर्ज होने के कारण चिकित्सकों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को सुबह की सैर से बचने और घरों से बाहर निकलते समय मास्क का अनिवार्य उपयोग करने की सलाह दी है।

खबरें और भी हैं...