Una News: दिवाली की रात पटाखे जलाने पर खूनी संघर्ष, थार से कुचलकर पति-पत्नी की हत्या

Himachal News

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तहत पड़ते बदोली गांव में दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच उपजा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान थार गाड़ी से कुचलकर ओंकार सिंह और उनकी पत्नी बीना देवी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोहरे हत्याकांड की इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भी दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और भारी हंगामा हुआ। सदर थाना ऊना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

घर के बाहर पटाखे जलाने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी शिकायत में मृतक ओंकार सिंह के 62 वर्षीय पिता अजमेर सिंह ने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे उनका परिवार घर के गेट के बाहर दिवाली के पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने 15 वर्षीय बेटे केशव के साथ थार गाड़ी लेकर वहां पहुंचा और पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी।

 

ऐसे हुई पति-पत्नी की हत्या

आरोप है कि इसके तुरंत बाद जरनैल सिंह ने तेज रफ्तार थार गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागे, लेकिन आरोपी ने गाड़ी को बार-बार उनके ऊपर चढ़ाया, जिसकी चपेट में आकर ओंकार, उनकी पत्नी बीना और मां सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने ओंकार और बीना को मृत घोषित कर दिया। अजमेर सिंह ने जरनैल सिंह पर पुरानी रंजिश और पहले भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

 

दूसरे पक्ष का आरोप: दराट से सिर पर किया जानलेवा हमला

मामले में दूसरे पक्ष की ओर से जरनैल सिंह के 15 वर्षीय बेटे केशव ठाकुर ने भी पुलिस में जवाबी शिकायत दर्ज कराई है। केशव का आरोप है कि उनका परिवार जब अपने आंगन में पटाखे जला रहा था, तब ओंकार सिंह और उसके परिजन बाहर से गालियां देने लगे। रात करीब 9:30 बजे परमजीत हाथ में दराट लेकर उनके गेट पर पहुंचा, जिसके साथ फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर और ओंकार भी मौजूद थे। आरोप है कि इन लोगों ने जान से मारने की धमकी देते हुए दराट से केशव और उसके पिता जरनैल सिंह के सिर पर वार किए और लात-घूंसों से मारपीट कर गेट की लाइटें तोड़ दीं।

 

गुस्से में मारी थार से टक्कर

अपनी शिकायत में केशव ने स्वीकार किया कि इस हमले और मारपीट के बाद उसके पिता ने गुस्से में आकर थार गाड़ी स्टार्ट की और ओंकार सिंह, बीना देवी व सुषमा देवी को टक्कर मार दी। इसके बाद वे गाड़ी को बसाल स्थित अपनी दुकान राणा कार्स पर खड़ी कर दूसरी कार से अस्पताल पहुंचे।

 

क्षेत्रीय अस्पताल में भिड़े दोनों पक्ष

वारदात के बाद दोनों पक्षों के लोग जब उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के आपातकालीन वार्ड में पहुंचे, तो वहां भी दोनों गुटों में तीखी झड़प और मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी गौरव भारद्वाज पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

तनाव के बीच पुलिस ने दर्ज की हत्या व बलवे की दो एफआईआर

पुलिस ने अजमेर सिंह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करते हुए जरनैल सिंह और उसके बेटे केशव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं केशव की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर और ओंकार सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

खबरें और भी हैं...