केलांग स्कूल में 12 नवंबर को होगी विस स्तरीय निबंध और क्विज़ प्रतियोगिता, स्वीप के तहत युवाओं को जागरूक करेगा चुनाव आयोग

1 दिन पहले

रमेश कंवर: केलांग (लाहौल-स्पीति)

Himachal News: भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ (SVEEP) के तहत लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 12 नवंबर 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग में विधानसभा स्तरीय निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नए और भावी मतदाताओं में चुनावी साक्षरता बढ़ाना और उन्हें मताधिकार के प्रति जागरूक करना है।

 

कॉलेज, आईटीआई और स्कूलों से शामिल होंगे प्रतिभागी

प्रतियोगिता में लाहौल घाटी के सभी प्रमुख शिक्षण संस्थानों की भागीदारी तय की गई है। इसमें डिग्री कॉलेज, आईटीआई और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के छात्र हिस्सा लेंगे। प्रत्येक संस्थान से निबंध प्रतियोगिता के लिए दो और क्विज़ के लिए दो विद्यार्थियों को नामित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को 12 नवंबर की सुबह 10:30 बजे केलांग स्कूल परिसर में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। दोनों प्रतियोगिताएं सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक एक साथ आयोजित की जाएंगी, जिसके लिए 60 मिनट का समय निर्धारित रहेगा।

 

स्कूल और कॉलेज वर्ग के लिए अलग पैमाने

प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए स्कूल और कॉलेज स्तर के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग मानक तय किए गए हैं। क्विज़ प्रतियोगिता वस्तुनिष्ठ यानी बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) के आधार पर होगी, जबकि निबंध लेखन के लिए विषय मौके पर ही दिया जाएगा। विषय विशेषज्ञों की समिति प्रतिभागियों के ज्ञान और अभिव्यक्ति की क्षमता का आकलन करेगी। दोनों प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले लगभग दस-दस मेधावी प्रतिभागियों को मेरिट सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा।

 

विजेता प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा मौका

विधानसभा स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रतिभागी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 21-लाहौल और स्पीति विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में चुनावी प्रक्रिया की समझ गहरी होगी और वे अपने वोट की ताकत को पहचान सकेंगे। युवाओं में मतदान के प्रति सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से घाटी के सभी संबंधित संस्थानों को समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

खबरें और भी हैं...