रमेश कंवर: केलांग
Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की राजनीति में आगामी चुनावी जंग को लेकर अभी से दिलचस्प सियासी समीकरण बनने लगे हैं। प्रदेश की भौगोलिक दृष्टि से सबसे बड़ी लेकिन राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस विधानसभा सीट पर आने वाले दिनों में मुकाबला केवल पारंपरिक दलों कांग्रेस और भाजपा के बीच सिमटने के आसार नहीं हैं। वर्तमान सियासी घटनाक्रम यदि इसी दिशा में आगे बढ़ता रहा, तो घाटी में दो पूर्व विधायकों और मौजूदा विधायक के बीच कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। ऐसे में सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल यही है कि लाहौल-स्पीति की जनता अनुभव, बगावत या मौजूदा नेतृत्व में से किस चेहरे पर अपना भरोसा जताएगी।
रवि ठाकुर के सामने खोया जनाधार वापस पाने और पार्टी कैडर को साधने की चुनौती
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर विजयी होकर विधानसभा पहुंचे रवि ठाकुर का राजनीतिक ग्राफ पिछले कुछ समय में तेजी से बदला है। राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग और उसके बाद अयोग्यता के चलते उन्होंने भाजपा का दामन थामा। हालांकि जून 2024 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में उन्हें तीसरे स्थान पर रहकर हार का सामना करना पड़ा। अब उनके सामने सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा जनता के बीच अपनी स्वीकार्यता दोबारा कायम करने और भाजपा के मूल सांगठनिक ढांचे में अपनी पैठ मजबूत करने की है। क्या 2022 में कांग्रेस के साथ मिला जनसमर्थन भाजपा के झंडे तले भी उनके पक्ष में एकजुट रह पाएगा, यह उनके राजनीतिक भविष्य का मुख्य आधार होगा।
तीसरे मोर्चे की तैयारी में डॉ. रामलाल मारकंडा, व्यक्तिगत प्रभाव और नाराजगी बनेगी ताकत
लाहौल-स्पीति की राजनीति में तीन बार विधायक और कैबिनेट मंत्री रह चुके डॉ. रामलाल मारकंडा का प्रभाव किसी से छिपा नहीं है। वर्ष 2024 के उपचुनाव में भाजपा द्वारा रवि ठाकुर को टिकट दिए जाने के विरोध में उन्होंने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था और 7,454 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे। अब तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को हवा देकर वे घाटी की सियासत में नया समीकरण गढ़ने की कोशिश में हैं। यदि वे असंतुष्ट नेताओं और अपने पारंपरिक समर्थकों को एक मजबूत मंच पर लाने में कामयाब होते हैं, तो वे कांग्रेस और भाजपा दोनों के चुनावी गणित को बिगाड़ सकते हैं। हालांकि, अपने व्यक्तिगत प्रभाव को निर्णायक जीत में बदलना उनके लिए भी बड़ी परीक्षा होगी।
विधायक अनुराधा राणा के सामने उम्मीदों की कसौटी
जून 2024 के उपचुनाव में 1,960 मतों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर लाहौल-स्पीति की पहली आदिवासी महिला विधायक बनीं अनुराधा राणा वर्तमान में कांग्रेस की मजबूत धुरी हैं। जिला परिषद अध्यक्ष से विधायक बनने और फिर संगठन में प्रदेश एसटी विभाग की कमान संभालने से उनका राजनीतिक कद निरंतर बढ़ा है। लेकिन आम चुनाव में उनके सामने जनता की बढ़ती उम्मीदें सबसे बड़ी कसौटी होंगी। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, दूरसंचार, कृषि-बागवानी और पर्यटन से जुड़े जमीनी मुद्दों पर जनता उनके कार्यकाल का हिसाब मांगेगी। उन्हें यह साबित करना होगा कि उपचुनाव की जीत केवल विशेष परिस्थितियों का परिणाम नहीं थी, बल्कि घाटी की जनता का उनके नेतृत्व पर स्थाई विश्वास है।
स्थानीय मुद्दे और मतदाता का रुख तय करेंगे घाटी की सियासी दिशा
लाहौल-स्पीति का यह संभावित मुकाबला सिर्फ तीन राजनीतिक दिग्गजों की निजी साख तक सीमित नहीं रहेगा। सर्दियों में कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, युवाओं में बेरोजगारी और कृषि उत्पादों के विपणन जैसे बुनियादी सवाल विमर्श के केंद्र में रहेंगे। भाजपा के भीतर का समन्वय, डॉ. मारकंडा के तीसरे मोर्चे की जमीनी पकड़ और कांग्रेस के विकास दावे इस चुनावी भंवर को तय करेंगे। अप्रत्याशित फैसलों के लिए पहचानी जाने वाली लाहौल-स्पीति की जनता इस बार अनुभव को प्राथमिकता देती है या युवा नेतृत्व को, इस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी रहेंगी।