Mandi News: धनोटू थाना की टीम ने चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर नौलखा के समीप नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बस की तलाशी लेते हुए 6.930 ग्राम चिट्टे के साथ एक 29 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात धनोटू पुलिस की विशेष टीम ने नौलखा फोरलेन पर कड़ा नाका लगा रखा था और मंडी व कुल्लू की ओर जाने वाले तमाम वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मध्यरात्रि करीब 12:20 बजे चंडीगढ़ से मनाली जा रही चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की बस को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस कर्मी बस के भीतर सवारियों के सामान की तलाशी ले रहे थे, तो सीट नंबर 28 पर बैठा युवक पुलिस को देखते ही घबराने लगा। वह हड़बड़ाहट में अपने हाथ में पकड़े कैरी बैग को सीट के नीचे छिपाने का प्रयास करने लगा।
युवक की संदिग्ध गतिविधियों को भांपते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार उसके कैरी बैग की तलाशी ली। बैग की गहन जांच करने पर उसमें रखे एक गर्म स्वैटर के भीतर शातिराना तरीके से लपेटा हुआ पॉलीथिन का एक पैकेट बरामद हुआ। पैकेट को खोलने पर उसमें सफेद रंग का नशीला पदार्थ पाया गया। पुलिस टीम ने जब मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से इसका वजन किया, तो यह कुल 6.930 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) निकला। पुलिस ने मादक पदार्थ को तुरंत कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर सील कर दिया।
बल्ह तहसील के कसारला गांव का है आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान आदित्य, निवासी गांव कसारला, डाकघर रत्ती, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानिए क्या कहते हैं एसपी मंडी
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना धनोटू में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस बात की कड़ियां जोड़ रही है कि आरोपी चिट्टे की यह खेप बाहरी राज्य से किससे खरीदकर लाया था और इसे स्थानीय स्तर पर किसे बेचा जाना था।