Kangra News: कांगड़ा जिले के उपमंडल जयसिंहपुर के अंतर्गत लंबागांव विकास खंड की अपर लंबागांव पंचायत के जगणी गांव में मंगलवार सुबह एक 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला अपने घर के बाथरूम में अचेत अवस्था में गिरी हुई मिली थी। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जयसिंहपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका ज्योति कुमारी अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है। इस असामयिक दुखद घटना से पूरे गांव और क्षेत्र में मातम पसर गया है।
घर पर अकेली थी महिला, सास के लौटने पर बाथरूम में अचेत मिली
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह मृतका के ससुर पशुओं को लेकर घासनी गए हुए थे, जबकि सास किसी जरूरी काम से गांव में ही दूसरे घर गई थीं। मृतका के पति नरेंद्र कुमार जयसिंहपुर अस्पताल में बतौर 108 एंबुलेंस चालक कार्यरत हैं और घटना के समय वे अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह करीब 10 बजे जब सास घर वापस लौटीं, तो उन्हें घर के भीतर सन्नाटा मिला। उन्होंने बहू को कई आवाजें दीं, लेकिन जब भीतर से कोई जवाब नहीं आया, तो वे तलाश करते हुए बाथरूम की ओर गईं। वहां उन्होंने बहू ज्योति कुमारी को फर्श पर बेसुध पड़ा देखा।
घटना के समय दोनों बच्चे गए हुए थे जालंधर
बहू को अचेत देखकर सास ने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को एकत्रित किया और ड्यूटी पर मौजूद बेटे नरेंद्र कुमार को फोन पर सूचित किया। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों की मदद से ज्योति को एंबुलेंस से जयसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां आपातकालीन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे और पहली कक्षा में पढ़ने वाली बेटी को छोड़ गई है। घटना के समय दोनों बच्चे अपने ताया-ताई के साथ जालंधर गए हुए थे। मृतका का मायका लंबागांव के ठेहड़ू गांव में है, जो वर्तमान में पंजाब के संगरूर में रहते हैं।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही लंबागांव पुलिस चौकी की टीम ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।