12 और 13 नवंबर को करवट लेगा मौसम: बारिश और बर्फबारी के साथ 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं; अलर्ट जारी

Himachal Weather

रमेश कंवर: शिमला

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में नवंबर के महीने में मौसम के दो विपरीत रूप देखने को मिल रहे हैं। जहां एक ओर निचले इलाकों में दिन के समय धूप खिलने से हल्की गर्मी का अहसास बना हुआ है, वहीं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे लुढ़क गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 10 नवंबर को ताजा बुलेटिन जारी करते हुए प्रदेश में मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 12 और 13 नवंबर को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के प्रबल आसार हैं। इसके साथ ही कई जिलों में तेज अंधड़ और आसमानी बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

 

ऊना में पारा 32 डिग्री तो कुकुमसेरी में शून्य से नीचे  

प्रदेश के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों के तापमान में बड़ा अंतर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि निचले मैदानी क्षेत्र ऊना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वर्तमान में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम पारा -1 से 9 डिग्री, मध्य पर्वतीय इलाकों में 7 से 13 डिग्री और मैदानी क्षेत्रों में 8 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

 

अगले 24 से 48 घंटों में बढ़ेगा तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन बारिश और बर्फबारी के बाद पारे में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की तीव्र गिरावट आने से समूचे प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।

 

12 और 13 नवंबर को इन जिलों में अंधड़ व बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग के क्षेत्रवार पूर्वानुमान के अनुसार 12 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना, आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं 13 नवंबर को इस मौसमी गतिविधि का दायरा बढ़कर शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और चंबा तक फैल जाएगा। इसके अलावा जनजातीय क्षेत्रों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में भी 12 और 13 नवंबर को तेज बर्फीली हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मैदानी व निचले इलाकों में 12 व 13 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 10 से 14 नवंबर के दौरान ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर हिमपात का दौर जारी रहने के आसार हैं।

 

किसानों-बागवानों को फसलों के बचाव की सलाह

मौसम विभाग ने तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए आम जनता, किसानों और बागवानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। बागवानों और किसानों को खेतों में कटी हुई फसलों को खुले में न छोड़ने, उन्हें तिरपाल से अच्छी तरह बांधकर सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा कमजोर पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है।

 

खराब मौसम में एहतियात बरतने के निर्देश

स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने, कच्चे ढांचों से दूर रहने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग रखने की हिदायत दी गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के इस नए दौर के बाद राज्यभर में कड़ाके की शीत लहर तेज होने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...