रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को शमशी में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। रिद्धि सिद्धि फाउंडेशन के सौजन्य से ‘घेपन स्वयं सहायता समूह’ की महिलाओं के लिए विशेष मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में रिद्धि सिद्धि फाउंडेशन की संस्थापक पुष्पा शर्मा और जिला अध्यक्ष राधे कृष्ण साध्वी विशेष रूप से मौजूद रहीं। इसके साथ ही विकास खंड बंजार से सुपरिंटेंडेंट पद से सेवानिवृत्त नारायण दास ने भी कार्यशाला में शिरकत कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
आधुनिक तकनीक, रखरखाव और मार्केटिंग की दी विस्तृत जानकारी
कार्यशाला के दौरान उपस्थित अतिथियों और विषय विशेषज्ञों ने महिलाओं को मशरूम की खेती की आधुनिक तकनीकों, इसके वैज्ञानिक रखरखाव और तैयार उत्पाद के मार्केटिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए इस व्यवसाय को अपनाकर स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया।
समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सीखीं उत्पादन की बारीकियां
प्रशिक्षण कार्यशाला में स्वयं सहायता समूह की सभी महिलाओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और मशरूम उत्पादन की व्यावहारिक बारीकियां सीखीं। इस अवसर पर घेपन स्वयं सहायता समूह की प्रधान अनीता देवी, सचिव विमला देवी सहित समूह की समस्त सदस्याएं उपस्थित रहीं।