हिम चंडीगढ़ टाउनशिप: 14 पंचायतों के किसानों का गुस्सा भड़का, 8 हजार बीघा से अधिक निजी जमीन अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा; 28 को राज्यपाल और 30 नवंबर को सीएम सुक्खू को सौंपेंगे ज्ञापन

Solan News: सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में प्रस्तावित महत्वाकांक्षी ‘हिम चंडीगढ़ टाउनशिप’ परियोजना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। रविवार को क्षेत्र की 13 से 14 पंचायतों के किसानों ने एकजुट होकर स्पष्ट कर दिया कि वे किसी भी कीमत पर अपनी पुश्तैनी और निजी जमीन इस परियोजना के लिए नहीं देंगे।

किसानों ने 23 अक्टूबर 2026 को हिमुडा की ओर से जारी अधिसूचना पर कड़ा एतराज जताया है। उनका आरोप है कि पहले केवल सरकारी जमीन इस्तेमाल करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब निजी मलकीयती भूमि को भी अधिग्रहण के दायरे में लाया जा रहा है, जिससे स्थानीय किसानों के सामने आजीविका और जमीन खोने का संकट खड़ा हो गया है।

 

अधिकारियों पर जमीनी हकीकत छिपाने का आरोप, कोर्ट जाने की चेतावनी

किसान संघर्ष समिति के प्रधान भाग सिंह कुंडलस ने कहा कि नई अधिसूचना में निजी भूमि अधिग्रहण के उल्लेख से किसान बेहद परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने सरकार के सामने जमीनी स्थिति सही ढंग से नहीं रखी, और यदि सुनवाई नहीं हुई तो किसान सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे तथा जरूरत पड़ने पर अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे।

 

छोटे किसानों के पास महज 2 से 4 बीघा जमीन

पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि क्षेत्र के छोटे किसानों के पास मात्र दो से चार बीघा जमीन है, जिस पर उनके मकान बने हैं और वे खेती कर रहे हैं। पहले केवल शामलात भूमि लेने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब करीब आठ हजार बीघा से अधिक निजी जमीन को लेकर अधिसूचना जारी करना सरासर अनुचित है।

 

28 नवंबर को राज्यपाल और 30 को सीएम सुक्खू को सौंपेंगे ज्ञापन

समाजसेवी हंसराज ने भी किसानों का समर्थन करते हुए कहा कि ग्रामीणों की आवाज अनसुनी होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में तय हुआ कि आंदोलन को गैर-राजनीतिक रखते हुए 28 नवंबर को राज्यपाल और 30 नवंबर को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपकर निजी भूमि को परियोजना से बाहर रखने की मांग की जाएगी।

 

क्या है सरकार का प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ प्रोजेक्ट?

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में बद्दी के शीतलपुर क्षेत्र में करीब 10 हजार बीघा भूमि पर आधुनिक ‘हिम चंडीगढ़ टाउनशिप’ विकसित करने की घोषणा की थी। इसके साथ सिरमौर में हिम पंचकूला और कांगड़ा वैली टाउनशिप भी प्रस्तावित हैं, जिनका उद्देश्य बड़े शहरों पर दबाव कम करना और निवेश व रोजगार को बढ़ावा देना है।

खबरें और भी हैं...