Bilaspur News: नशे के कारोबार में संलिप्त दो आरोपियों को विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत ने अभियुक्त करार देते हुए कड़ी सजा सुनाई है। अदालत के फैसले के अनुसार चिट्टा बरामदगी के मामले में मंडी जिला के जोगिंद्रनगर क्षेत्र निवासी शुभम शर्मा व संजीव को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा काटने के साथ ही 1-1 लाख रुपये जुर्माना भी अदा करना होगा, और जुर्माना अदा न करने पर उन्हें 6 माह के अतिरिक्त कारावास की सजा काटनी होगी।
नाके पर ऑल्टो कार की सीट के नीचे मिले बैग से बरामद हुआ था 138.18 ग्राम चिट्टा
जिला न्यायवादी एन.एस. चौहान ने बताया कि 24 जनवरी 2020 को सुबह के समय सदर थाना से पुलिस की एक टीम मुख्य आरक्षी अनिल की अगुवाई में जबली के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। करीब सवा 9 बजे चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक टैक्सी नंबर ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका गया, जिस पर कार सवार जोगिंद्रनगर निवासी शुभम शर्मा ने गाड़ी से उतरकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार की ड्राइवर सीट के नीचे से नीले रंग के बैग से 138.18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था, जिसके बाद सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।
तस्करी के लिए संजीव ने उपलब्ध करवाई थी मां के नाम पंजीकृत टैक्सी कार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उक्त टैक्सी नंबर कार जोगिंद्रनगर के ही संजीव नामक व्यक्ति की मां के नाम पर पंजीकृत थी, लेकिन उसका संचालन संजीव ही करता था और उसी ने नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए यह कार शुभम के पास दी थी। इससे यह साबित हुआ कि नशे के इस अवैध कारोबार में संजीव भी बराबर का शामिल था।
24 गवाहों के बयानों और ठोस सबूतों के आधार पर अदालत ने सुनाया फैसला
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया और अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में 24 गवाह पेश किए गए। गवाहों के बयानों, अभियोजन पक्ष की दलीलों तथा प्रस्तुत किए गए ठोस सबूतों के आधार पर विशेष न्यायाधीश बिलासपुर की अदालत ने दोनों आरोपियों शुभम शर्मा और संजीव को दोषी करार देते हुए यह कड़ी सजा सुनाई।